रांची। पूर्व विधायक स्वर्गीय कमल किशोर भगत की पत्नी नीरू शांति भगत ने शनिवार को झामुमो (जेएमएम) का दामन थाम लिया। हरमू, रांची स्थित झामुमो के कार्यालय में पार्टी महासचिव विनोद पांडेय ने उनका स्वागत करते औपचारिक तौर पर सदस्यता ग्रहण करायी। कहा कि एक मजबूत झारखंड आंदोलनकारी, पूर्व विधायक दिवंगत कमल किशोर भगत की धर्म पत्नी नीरू शांति भगत का दल में स्वागत है। नीरू शांति भगत ने भी सार्वजनिक जीवन काफी उतार- चढ़ाव देखा है। अब वे झारखंड में सबसे बड़े झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार की सदस्य हैं। हम सभी को साथ मिलकर राज्य को आगे ले जाना है।
नीरू ने पार्टी के टॉप लीडर और सीएम हेमंत सोरेन की सराहना करते कहा कि वे राज्य की बेहतरी के लिए अच्छा प्रयास कर रहे हैं। गौरतलब है कि नीरू आजसू पार्टी के टिकट पर 2024 में विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। इस चुनाव में उन्हें कांग्रेस के रामेश्वर उरांव ने पराजित कर दिया था।
वे पूर्व विधायक स्व कमल किशोर भगत की पत्नी हैं। इधर वे लंबे समय से झामुमो के प्रमुख नेताओं के संपर्क में दिख रही थीं। 14 जनवरी 2025 को उन्होंने आजसू पार्टी से इस्तीफा भी दे दिया था। इसके बाद से माना भी जा रहा था कि वे आजसू पार्टी छोड़कर झामुमो में जाने वाली हैं।