घाटशिला। जमशेदपुर के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी के किनारे एक बार फिर संदिग्ध जिंदा बम मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। पानीपड़ा नागुड़साई गांव के ग्रामीण पिछले तीन दिनों से नदी किनारे एक भारी धातु जैसी वस्तु देख रहे थे। जब उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी, तो मौके पर भारतीय सेना की विशेष टीम पहुंची। सेना के कैप्टन आयुष कुमार सिंह ने प्रारंभिक जांच में बताया कि यह करीब 227 किलोग्राम का जिंदा बम है और इसमें अभी भी विस्फोट की संभावना बनी हुई है।
ग्रामीणों की मानें तो यह द्वितीय विश्व युद्ध के समय का गोला हो सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। सेना टीम फिलहाल बम के प्रकार और मारक क्षमता का अध्ययन कर रही है। जांच रिपोर्ट सैन्य मुख्यालय भेजी जाएगी, जिसके बाद ही इसे निष्क्रिय (डिफ्यूज) करने की प्रक्रिया शुरू होगी। गौरतलब है कि इससे पहले 17 मार्च को भी इसी क्षेत्र में दो बम मिले थे, जिन्हें सेना ने सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया था। फिलहाल ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, और लोग नदी किनारे जाने से बच रहे हैं।



