कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सेकेंड फेज की 142 सीटों पर वोटिंग हो रही है। कई जगहों से मारपीट, लाठीचार्ज, नारेबाजी और EVM से छेड़छाड़ जैसी घटनाएं सामने आई हैं। भाजपा ने आरोप लगाया कि डायमंड हार्बर के फालता में EVM में BJP के बटन पर टेप लगाया गया है।

आरोपों पर चुनाव आयोग ने कहा कि जिन मतदान केंद्रों पर EVM में टेप मिलने की शिकायत सही मिलेगी, वहां दोबारा चुनाव होंगे। भवानीपुर में CM ममता के खिलाफ चुनाव लड़ रहे भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी को घेरकर TMC समर्थकों ने चोर-चोर के नारे लगाए। सुवेंदु एक पोलिंग बूथ का इंस्पेक्शन करने पहुंचे थे।

साउथ 24 परगना जिले में BJP उम्मीदवार विकास सरदार ने TMC समर्थकों पर कार का शीशा तोड़ने का आरोप लगाया। पानीहाटी से BJP उम्मीदवार और आरजी कर रेप विक्टिम की मां रत्ना देबनाथ ने आरोप लगाया कि TMC कार्यकर्ताओं ने ‘गो बैक’ के नारे लगाते हुए उनपर हमला किया।

बंगाल में दोपहर 3 बजे तक 78.68% वोटिंग हो चुकी है। जिन 142 सीटों पर वोटिंग हो रही है, उनमें से 123 सीटों पर TMC ने 2021 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। पहले फेज की 152 सीटों पर 23 अप्रैल को रिकॉर्ड 93% मतदान हुआ था। 4 मई को रिजल्ट आएंगे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version