रांची। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का असर अब आम आदमी की जेब पर सीधा पड़ने लगा है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एक बार फिर 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। महीने की पहली तारीख से यह सिलेंडर 194 से 220 रुपये तक महंगा हो गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
देश के विभिन्न शहरों में कमर्शियल सिलेंडर के दामों में भारी उछाल देखने को मिल रहा है। दिल्ली में यह 194 रुपये महंगा होकर 2078.50 रुपये हो गया है। मुंबई में 196 रुपये की बढ़ोतरी के बाद यह 2031 रुपये पहुंच गया है। चेन्नई में सबसे अधिक 203 रुपये का इजाफा हुआ है, जहां अब यह 2246.50 रुपये में मिल रहा है। कोलकाता में 218 रुपये बढ़कर कीमत 2208 रुपये हो गई है।
झारखंड की राजधानी रांची में भी कमर्शियल सिलेंडर 220 रुपये महंगा हो गया है। अब यहां इसकी कीमत 2258 रुपये पहुंच गई है। अन्य शहरों की बात करें तो पटना में 2365 रुपये, लखनऊ में 2201 रुपये, जयपुर में 2031 रुपये, बेंगलुरु में 2161 रुपये और हैदराबाद में 2321 रुपये में सिलेंडर उपलब्ध है।
गौरतलब है कि इससे पहले 7 मार्च को भी कमर्शियल सिलेंडर 115 रुपये महंगा हुआ था। कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और छोटे फूड बिजनेस पर पड़ेगा। इससे खाने-पीने की चीजें महंगी होने की संभावना है। मिडिल ईस्ट में तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में बाधा के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर भारत में भी देखने को मिल रहा है।



