नई दिल्ली। वैश्विक शेयर बाजारों से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र में हल्की गिरावट और बढ़त का मिश्रित रुख देखने को मिला, जबकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज सुबह तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। यूरोपीय बाजारों में बिकवाली का दबाव बना रहा। वहीं एशियाई बाजारों में भी आज मिला-जुला कारोबार जारी है, जहां कुछ बाजार हरे निशान में तो कुछ लाल निशान में नजर आ रहे हैं।
पिछले सत्र में अमेरिकी स्टॉक मार्केट मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 62.67 अंक यानी 0.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 49,168.04 अंक के स्तर पर बंद हुआ। दूसरी ओर एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.12 प्रतिशत की मजबूती दिखाते हुए 7,173.91 अंक पर बंद हुआ। नैस्डेक कंपोजिट में 0.20 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई और यह 24,887.10 अंक के स्तर पर पहुंच गया। फिलहाल डाउ जॉन्स फ्यूचर्स 0.15 प्रतिशत की उछाल के साथ 49,243.41 अंक पर कारोबार कर रहा है, जो भारतीय बाजार के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।यूरोप में पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली का माहौल रहा। एफटीएसई 100 इंडेक्स 0.56 प्रतिशत कमजोर होकर 10,321.09 अंक पर बंद हुआ। सीएसी 40 इंडेक्स 0.20 प्रतिशत टूटकर 8,141.92 अंक पर रहा, जबकि जर्मनी का डीएएक्स इंडेक्स भी 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,083.53 अंक पर बंद हुआ।
यूरोपीय बाजारों में बनी यह कमजोरी निवेशकों की सतर्कता को बढ़ा रही है।एशियाई बाजार आज भी अनिश्चित रुख दिखा रहे हैं। एशिया के प्रमुख नौ बाजारों में से पांच सूचकांक लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि चार बाजार हरे निशान में मजबूती के साथ बंद हैं। सकारात्मक पक्ष पर दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स सबसे आगे रहा, जिसने 1.04 प्रतिशत की बड़ी छलांग लगाई और 6,684.29 अंक के स्तर पर पहुंच गया। ताइवान वेटेड इंडेक्स 0.37 प्रतिशत की तेजी के साथ 39,762.19 अंक पर है। स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.26 प्रतिशत और सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 0.34 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,010.50 अंक पर ट्रेड कर रहा है। जापान का निक्केई 225 0.78 प्रतिशत गिरकर 60,064 अंक पर पहुंच गया। हैंग सेंग इंडेक्स 0.72 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,738 अंक पर है। शंघाई कंपोजिट 0.07 प्रतिशत और जकार्ता कंपोजिट 0.79 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं।कुल मिलाकर ग्लोबल मार्केट से मिल रहे संकेतों से भारतीय निवेशकों में सतर्कता बनी हुई है। आज भारतीय शेयर बाजार भी गिफ्ट निफ्टी के रुख के आधार पर खुल सकता है। वैश्विक स्तर पर आर्थिक आंकड़ों, ब्याज दरों और भू-राजनीतिक घटनाओं का असर बाजार पर साफ नजर आ रहा है।



