रांची। झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में 30 अप्रैल तक मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने राज्य के पूर्वी और इससे सटे मध्यवर्ती जिलों में गर्जन के साथ बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात की संभावना जताई है। साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी आशंका है। इसे लेकर विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

राज्य के कई हिस्सों में हाल के दिनों में हुई बारिश के कारण तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। राजधानी रांची में 2 डिग्री और डाल्टनगंज में 3 डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अन्य जिलों में भी तापमान में कमी देखी गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 41.8 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान गुमला में 21.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रांची और आसपास के इलाकों में बुधवार को मौसम साफ रहा और लोगों ने भीषण गर्मी का सामना किया। हालांकि दोपहर बाद घने बादल छा गए और ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई। बुधवार को रांची में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 41.7 डिग्री और न्यूनतम 26.4 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 41.6 डिग्री और न्यूनतम 26.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 41.5 डिग्री और न्यूनतम 27.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 41.4 डिग्री और न्यूनतम 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों से दूर रहने और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version