कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले पूर्व मेदिनीपुर के नंदीग्राम की सियासत गरमा गई है। केंद्रीय जांच एजेंसी एनआइए ने लैंड बैंक को लेकर हुई हिंसा के मामले में नंदीग्राम के 43 तृणमूल कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी किया है, जिसके बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है।

जानकारी के अनुसार, एनआइए ने नंदीग्राम-1 ब्लॉक के तृणमूल कोर कमेटी सदस्य बाप्पादित्य गर्ग, शमसुल इस्लाम सहित पंचायत समिति के सदस्यों, क्षेत्रीय अध्यक्षों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को नोटिस भेजा है।

इन सभी को 17 अप्रैल को कोलकाता स्थित एनआइए कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। बताया जा रहा है कि कई नेताओं के घर पर जाकर भी नोटिस दिए गए हैं।

TMC ने लगाए आरोप
तमलुक संगठनात्मक जिला तृणमूल के अध्यक्ष सुजीत कुमार राय ने कहा कि चुनाव के ठीक पहले जानबूझकर उनके नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है, ताकि चुनावी प्रक्रिया प्रभावित हो सके।

तृणमूल का दावा है कि जो लोग चुनाव संचालन में सक्रिय हैं, उन्हें ही चुन-चुनकर नोटिस भेजे गए हैं। नंदीग्राम इस बार भी हाई-प्रोफाइल सीट बनी हुई है। यहां भाजपा की ओर से नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी उम्मीदवार हैं, जबकि तृणमूल ने उनके पूर्व करीबी पवित्र कर को मैदान में उतारा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version