रामगढ़। झारखंड उत्पाद सिपाही परीक्षा को कदाचार मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। रविवार की सुबह परीक्षा तो शुरू हुई, लेकिन उससे पहले शनिवार की देर रात शहर के सभी होटलों में भी अधिकारियों ने छापेमारी की।

अक्सर परीक्षा में कदाचार करने वाले लोग और प्रश्न पत्र लीक करने वाले गैंग के लोग होटल में ही रुक कर परीक्षार्थियों को ठगने का काम करते हैं। ऐसे लोगों पर अंकुश लगाने के लिए ही अधिकारियों ने छापेमारी की।

रामगढ़ अंचल अधिकारी रमेश रविदास और थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे कई होटलों में पहुंचे। वहां उन्होंने एंट्री रजिस्टर, कमरों में रहने वाले लोगों के आधार कार्ड, आने का समय और रुकने का उद्देश्य क्या है, इसकी जांच की। जिस कमरे में रुकने वाले लोगों पर संदेह हुआ, उनसे पूछताछ भी हुई।

परीक्षा को लेकर अलर्ट है प्रशासन : सीओ
सीओ रमेश रविदास ने कहा कि परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरीके से अलर्ट है। होटल में रुक कर कोई भी व्यक्ति कदाचार को बढ़ावा नहीं दे सकता है। अभी परीक्षार्थियों की भीड़ है और सभी होटल बुक है। ऐसे में कदाचार करने वाले लोग भी इन्हीं के भीड़ में छुप कर अपनी योजना बना सकते हैं। वैसे लोगों के खिलाफ ही कार्रवाई करने के लिए अभियान चल रहा है।

थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने रविवार को बताया कि परीक्षा केंद्रों के साथ-साथ सड़क और होटल में भी निगाह रखी गई है। सभी जगह सुरक्षा की पुख्ता इंतजाम है। एहतिहातन छापेमारी की जा रही है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version