चाइबासा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुगुनिया गांव में भाकपा माओवादी से जुड़े रहे एक व्यक्ति की अज्ञात हथियारबंद लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान दुगुनिया गांव निवासी 32 वर्षीय रमेश चांपिया उर्फ चमड़ा के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रमेश कभी नक्सली संगठन से जुड़ा हुआ था और नक्सली गतिविधियों के कारण जेल भी जा चुका था। हालांकि जेल से रिहा होने के बाद उसने दोबारा संगठन में लौटने से इनकार कर दिया था।

इसके बाद से ही वह संगठन के निशाने पर बताया जा रहा था। रमेश ने सामान्य जीवन अपनाते हुए डेरुवा-मनोहरपुर सड़क निर्माण कार्य में मुंशी के रूप में काम शुरू कर दिया था और परिवार के साथ शांतिपूर्ण जीवन जी रहा था। लेकिन बीती रात उसकी जिंदगी का दर्दनाक अंत हो गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब चार से पांच की संख्या में हथियारबंद लोग उसके घर पहुंचे और उसे बाहर बुलाकर अपने साथ ले गए।

इस दौरान उसकी पत्नी ने विरोध किया और उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपितों ने उसे धमकाकर वापस भेज दिया। इसके बाद हमलावर रमेश को घर से लगभग 500 मीटर दूर एक सुनसान स्थान पर ले गये, जहां उसकी बेरहमी से पिटाई की गयी। बताया जा रहा है कि उसके शरीर के संवेदनशील हिस्सों पर भी गंभीर वार किए गये, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। हत्या के बाद आरोपित शव को मुख्य सड़क पर फेंककर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गये। शनिवार सुबह जब ग्रामीणों की नजर सड़क पर पड़े शव पर पड़ी, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गये और तुरंत पुलिस को सूचना दी गयी। सूचना मिलते ही गोइलकेरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि हत्या हुई है, लेकिन यह पूरी तरह नक्सली घटना है या किसी अन्य कारण से अंजाम दी गयी है, इसकी जांच की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version