गिरिडीह। पचंबा थाना इलाके में गुरु- शिष्य के रिश्ते को तार-तार कर देने वाली घटना प्रकाश में आयी है। शनिवार को नाइस पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल मोहम्मद इमामुद्दीन को एक 14 वर्ष की छात्रा से छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। प्रिंसिपल स्कूल की अलग-अलग छात्राओं के साथ पिछले कई दिनों से छेड़छाड़ कर रहा था। इस मामले की सूचना मिलते ही एसपी डॉ विमल कुमार ने थाना प्रभारी राजीव कुमार को आरोपित के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे दबोचने के निर्देश दिये। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। जानकारी के अनुसार, आरोपी प्रिंसिपल पिछले छह महीनों से छात्राओं से छेड़छाड़ कर रहा था। बीते 24 अप्रैल 2026 को भी प्रिंसिपल ने एक छात्रा से छेड़छाड़ करते हुए उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया। इस घटना में पीड़ित छात्रा ने घर लौटकर अपने परिजनों को कहा कि वह स्कूल नहीं जाना चाहती है। जब परिजनों ने उससे इसका कारण पूछा, तो छात्रा ने अपनी मां को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय लोगों के साथ थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करायी। मामले में वार्ड पार्षद संजीव कुमार, पार्षद कृष्णा साव सहित कई लोग पीड़ित छात्रा के परिजनों के साथ थे। पार्षद संजीव कुमार सिंह और पार्षद कृष्णा साव ने कहा कि प्रिंसिपल मोहम्मद इमामुद्दीन कई दिनों से ऐसी वारदात को अंजाम दे रहे थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version