पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर (डिब्बा लाइन बस्ती) में हुई हिंसक घटना का पुलिस ने तेज़ कार्रवाई कर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मानगो बस स्टैंड पर छापेमारी कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया, जो घटना के बाद पटना भागने की फिराक में थे। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान करण वर्मा, निर्भय सिंह उर्फ छोटका, संतोष वर्मा उर्फ मुन्ना और कुणाल मुंडा उर्फ छिला के रूप में हुई है। सभी आरोपी उसी इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।
नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) कुमार शुभाशिष ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपितों को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय सूत्रों की मदद से आरोपितों का पता लगाया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर एक देसी कट्टा, तीन धारदार चापड़ और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
घटना मंगलवार रात की है, जब छायानगर स्थित अमित स्टोर के पास कुछ युवकों ने हथियारों के साथ अचानक उत्पात मचाया। आरोपितों ने पहले इलाके में दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की और फिर सन्नी पुष्टि उर्फ जगन्नाथ तथा नंदू लोहार पर हमला कर दिया। दोनों को सड़कों पर दौड़ाकर पीटा गया और धारदार हथियार से गंभीर रूप से घायल किया गया, जिससे इलाके में भय और अफरा-तफरी फैल गई। घायल नंदू लोहार के बयान के आधार पर सीतारामडेरा थाना में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में से तीन पहले से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं और विशेषकर कुणाल मुंडा उर्फ छिला के खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और शांति बहाल रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।



