रांची। झारखंड के बहुचर्चित टेंडर कमीशन घोटाला मामले में ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की दबिश के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। मामले के आरोपी और तत्कालीन एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (रिटायर्ड) राजकुमार टोप्पो ने रांची स्थित विशेष PMLA कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है। सरेंडर के बाद अदालत ने उन्हें 1 लाख रुपये के निजी मुचलके पर सशर्त जमानत दे दी है।

अदालत की शर्तें और कार्रवाई
कोर्ट ने राजकुमार टोप्पो को इस शर्त पर राहत दी है कि उन्हें सुनवाई की प्रत्येक निर्धारित तिथि पर अनिवार्य रूप से अदालत में उपस्थित होना होगा। गौरतलब है कि ईडी ने इस मामले में 14 आरोपियों के खिलाफ पूरक प्रॉसीक्यूशन कंप्लेंट (Charge Sheet) दाखिल की थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए कोर्ट ने सभी को समन जारी किया था। अब तक इस मामले में राजकुमार टोप्पो समेत 6 से अधिक आरोपी सरेंडर कर चुके हैं।

क्या है पूरा मामला?
टेंडर कमीशन घोटाले की गूंज 2023 में तब सुनाई दी जब ईडी ने कई इंजीनियरों के ठिकानों पर छापेमारी की। जांच की आंच तब और तेज हो गई जब 6 मई 2024 को पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के ओएसडी (OSD) संजीव लाल के नौकर के ठिकाने से 32 करोड़ रुपये से अधिक की भारी नकदी बरामद हुई।

इसके अलावा, ठेकेदार मुन्ना सिंह के पास से 2.93 करोड़ और राजीव सिंह के ठिकानों से 2.14 करोड़ रुपये जब्त किए गए थे। इस बरामदगी ने राज्य की राजनीति और ब्यूरोक्रेसी में हड़कंप मचा दिया था, जिसके बाद पूर्व मंत्री आलमगीर आलम भी ईडी के रडार पर आ गए और उन्हें गिरफ्तार किया गया। फिलहाल ईडी इस सिंडिकेट के अन्य कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version