रांची। सदर थाना क्षेत्र के कोकर इलाके में दो आदिवासी महिलाओं के साथ हुए सार्वजनिक अपमान का मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। गुरुवार को भीड़ ने आरोपी पंकज कुमार सिंह के घर पर हमला कर जमकर तोड़फोड़ की। आरोप है कि 29 मार्च को पंकज ने दो महिलाओं पर चोरी का आरोप लगाकर उनके चेहरे पर कालिख पोत दी थी और चप्पल की माला पहनाकर मोहल्ले में घुमाया था। इस घटना ने पूरे इलाके में तूल पकड़ ली।

पुलिस ने पहले ही आरोपी पंकज कुमार सिंह और सनताना कुमारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन इसके बावजूद भीड़ गुरुवार को आरोपी के घर पहुंच गई। सैकड़ों लोगों ने भाभानगर स्थित आरोपी के घर में घुसकर तोड़फोड़ की और हंगामा किया। मौके पर पहुंचे सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया और बताया कि आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने मामले में शामिल सभी लोगों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया।

गौरतलब है कि दोनों पीड़ित महिलाएं खूंटी जिले की मूल निवासी हैं और रांची में किराए के मकान में रहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके परिवार पर झूठा चोरी का आरोप लगाकर उनके साथ यह दुर्व्यवहार किया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की थी। हालांकि, इस घटना ने स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया, जिसके बाद गुरुवार को यह हिंसक प्रदर्शन हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्थिति को नियंत्रण में रखने के प्रयास जारी हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version