बरवाडीह:- बरवाडीह प्रखण्ड के छिपादोहर थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया डैम में रविवार को नहाने के दौरान डूबने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान विशाल परहिया और मनोज परहिया के रूप में हुई है। दोनों युवक छिपादोहर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक रविवार को गम्हरिया डैम में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक एक युवक का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख दूसरा युवक अपने साथी को बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण वह भी गहरे पानी में समा गया।

दोनों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और दोनों युवक गहरे पानी में डूब चुके थे।घटना की सूचना मिलते ही छिपादोहर थाना प्रभारी याकिन अंसारी व पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव को डैम से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया।बताया जा रहा है कि मृतक मनोज परहिया मूल रूप से बरवाडीह का रहने वाला था, लेकिन वह छिपादोहर स्थित अपने ससुराल में रह रहा था। दोनों युवक अपने-अपने परिवार के कमाने वाले सदस्य थे। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और ग्रामीणों ने प्रशासन से डैम के पास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version