कोडरमा: जिला इन दिनों पदाधिकारियों की घोर कमी से गुजर रहा है। जिले में पहले से ही कई महत्वपूर्ण विभाग प्रभार में चल रहे हैं, पर अब कई प्रभारी पदाधिकारी भी स्वास्थ्य आदि का हवाला देकर लंबे अवकाश पर चले गये हैं। ऐसे में जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न विभागों में काम-काज प्रभावित हो गया है। पदाधिकारियों के छुट्टी पर जाने से कई तरह की चर्चाएं आम हैं। कोडरमा के डीआरडीए निदेशक सह प्रभारी कल्याण पदाधिकारी अनुज प्रसाद लंबी छुट्टी पर चले गये हैं।

इनके द्वारा पारिवारिक स्वास्थ्य का हवाला दिया गया है। इससे कल्याण विभाग में काम-काज पर असर पड़ा है। वहीं समाज कल्याण पदाधिकारी मनीषा वत्स भी लंबी छुट्टी पर चली गयी हैं। ये कई विभागों की प्रभार में थी। खास तौर पर समाज कल्याण विभाग, जिला नीलाम पत्र वाद पदाधिकारी के प्रभार में मनीषा वत्स ही थीं। जिला भूअर्जन पदाधिकारी सह प्रभारी एलआरडीसी लेयाकत अली भी छुट्टी पर हैं। इनके द्वारा भी स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर छुट्टी बढ़ाई गयी है। सुदूरवर्ती प्रखंड सतगांवां की बीडीओ स्वेता वैद्य भी लंबी छुट्टी पर चली गयी हैं। इससे प्रखंड में मनरेगा समेत अन्य योजनाएं प्रभावित होंगी। इधर, कई अन्य पदाधिकारी भी छुट्टी पर जाने के प्रयास में है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version