जापान के राजघराने की राजकुमारी माको अपने प्यार के लिए राजघराना छोड़ने को तैयार हैं। वह पेशे से एक कानूनी सहायक 25 वर्षीय युवक केई कोमुरो से प्यार करती हैं और उनसे शादी करना चाहती हैं।
इसके लिए माको ने राजपरिवार से इजाजत भी मांगी है। माको जापान के राजा अकीहीतो की पोती हैं जबकि कोमुरो एक आम नागरिक हैं। कोमुरो से माको की मुलाकात पांच साल पहले एक रेस्त्रां में ही हुई थी और वह उन्हें अपना दिल दे बैठीं। कोमुरो विश्वविद्यालय में राजकुमारी के सहपाठी भी रह चुके हैं। माको ने टोक्यो के इंटरनेशनल क्रिश्चियन यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई की थी इस दौरान कोमुरो भी यहां के छात्र थे। हालांकि कोमुरो ने दोनों के रिश्ते पर अभी कोई प्रतिक्रिया देने से इंकार कर दिया है।
टूट जाएगा राजघराने से रिश्ता
जापानी राजघराने के नियम के अनुसार कोमुरो से शादी करते ही राजकुमारी माको का राजघराने से रिश्ता टूट जाएगा और वह जापान की एक आम नागरिक बन जाएंगी।
शादी को शाही परिवार की मंजूरी
जापान के भावी राजा और माको के पिता राजकुमार अकीशिन्हो और मां राजकुमारी किको ने इस शादी को अपनी मंजूरी दे दी है। जल्द ही इस बात की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी इसके बाद मध्य जून में दोनों की सगाई होगी और अगले साल शादी।
कौन हैं माको
25 वर्षीय राजकुमारी माको जापान के राजा अकीहतो की पोती और राजकुमार अकीशिन्हो की बड़ी बेटी हैं। वह राजघराने की पहली सदस्य हैं जिन्होंने विश्वविद्यालय में शिक्षा हासिल की है। उन्होंने टोक्यो की इंटरनेशनल क्रिश्चियन यूनिवर्सिटी के अलावा स्कॉटलैंड की यूनिवर्सिटी ऑफ इडनबर्ग से भी शिक्षा हासिल की है। फिलहाल वो यूनिवर्सिटी ऑफ टोक्यो में शोधकर्ता के तौर पर कार्यरत हैं।
सामान्य जीवन से दूर रहता है राजघराना
इंग्लैंड के शाही परिवार और अन्य यूरोपीय देशों के विपरीत दुनिया में अन्य देशों के राज परिवार सामान्य जीवन से अलग रहते हैं। सम्राट और उनके परिवार को सार्वजनिक जीवन से दूर रखा जाता है, हालांकि वे विदेश यात्रा करते हैं और कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी शामिल होते हैं।