रांची: मुख्य सचिव राजबाला वर्मा ने कहा कि आज आधारशिला का रखा जाना स्पष्ट संदेश है झारखंड बदल गया है और नये झारखंड का निर्माण हो रहा है। जून या जुलाई के प्रथम सप्ताह में आप सब अन्य उद्योगों की स्थापना के गवाह होंगे। उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों ने झारखंड पर विश्वास किया। मैं आपको आश्वासन देना चाहती हूं कि आपके विश्वास पर झारखंड खरा उतरेगा। आपकी सफलता में हम अपनी सफलता देखेंगे। निवेश का एक नियम है कि एक उद्योग की स्थापना से तीन गुना अर्थव्यवस्था को लाभ होता है। प्रत्यक्ष और परोक्ष रोजगार के अवसर पैदा होते हैं।
सीएस ने कहा कि समग्र विकास का मापदंड, समग्र विकास का निर्धारण औद्योगिक विकास का एक महत्वपूर्ण बिंदु होता है। हमारा राज्य संभावनाओं से भरा प्रदेश है। खनिज, प्राकृतिक संपदा, शिक्षण संस्थान और सबसे बड़ी बात मानव संसाधन, हमारे यहां सब उपलब्ध है। ये संभावनाएं हैं, जो निवेश के कारक हैं, जो औद्योगिक विकास के कारक हैं, उन संभावनाओं को, उन कारकों को धरातल पर उतारने के लिए परिणामदायक कार्य किये जा रहे हैं। सरकार द्वारा नीतियां बनायी गयीं। नीतियों के कारण झारखंड ने इज आॅफ डूइंग बिजनेस में लंबी छलांग लगायी है।
मुख्य सचिव ने कहा कि आज जिन कंपनियों के द्वारा निवेश के कार्य प्रारंभ किये जा रहे हैं, उन्हें आश्वस्त करना चाहती हूं कि हम एक व्यवस्था के तहत आपके साथ खड़े हैं। इसी प्रकार मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा निवेश को, औद्योगिक विकास को तेजी देने के लिए, गति देने के लिए लगातार कार्य किये जा रहे हैं। भविष्य में भी हम ऐसी निरंतरता बनाये रखेंगे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version