रांची: सीबीएसइ 12वीं की परीक्षा का रिजल्ट घोषित हो गया है। इसमें डीपीएस रांची के कॉमर्स स्ट्रीम में मुस्कान खोवाल रीजन की टॉपर बनी है। मुस्कान को कुल 98.2 प्रतिशत मॉर्क्स मिले हैं। मुस्कान ने कहा कि कभी टाइम टेबल बनाकर पढ़ाई नहीं की। बल्कि जो पढ़ना है, मन से और तब तक पढ़ा, जब तक वह जेहन में नहीं उतर जाये। मुस्कान के पिता पवन खोवाल बिजनेसमैन हैं और मां टपर वेयर में जीएम हैं। मुस्कान ने अपनी सफलता का श्रेय ईश्वर, माता-पिता और स्कूल के शिक्षकों को दिया है। उसने बताया कि कभी भी टाइम टेबल बनाकर पढ़ाई नहीं की। क्योंकि किताबी कीड़ा बनने में विश्वास नहीं रखती हूं।
मुस्कान ने बताया कि आगे चलकर उसे सीए करना है। मुस्कान ने कहा कि छात्रों को परीक्षा का दबाव नहीं लेना चाहिए। पूरे इत्मीनान से इम्तिहान देना चाहिए। दबाव लेने से परीक्षा खराब हो सकती है। हां, थोड़ा दबाव तो स्वत: आ जाता है। इसे खत्म करने का प्रयास करना चाहिए। घर में आप जब भी पढ़ने बैठें, तो दिल लगाकर पढ़ाई करें। टाइमिंग और दिखावे में मत जायें। मुस्कान के माता-पिता भी बेटी की इस सफलता पर फूले नहीं समा रहे हैं। उनके घर पर बधाइयों का तांता भी लगा हुआ है। स्कूल परिसर पहुंचते ही सहयोगी छात्राओं ने उसे कंधे पर उठा लिया। हर किसी ने बधाई दी। प्राचार्य राम सिंह ने कहा कि पढ़ाई में कोई शॉर्टकट फार्मूला नहीं है। इस बात का ख्याल सभी छात्र-छात्राओं ने रखा है। प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी है।
12वीं में डीपीएस का शानदार प्रदर्शन
रांची: डीपीएस रांची की मुस्कान खोवाल ने कॉमर्स संकाय में पूरे राज्य में मान बढ़ाया है। खोवाल को 98.2 फीसदी अंक मिला है। डीपीएस की मान्या को विज्ञान संकाय में 97 फीसदी अंक प्राप्त हुआ है। मान्या स्कूल टॉपर है। अनिरुद्ध अनिल ओझा को भी विज्ञान संकाय में 97 फीसदी मिला है। डीपीएस की रीतिका अग्रवाल द्वितीय टॉपर हैं। डीपीएस के प्राचार्य डॉ राम सिंह ने बताया कि विज्ञान संकाय में 524 छात्र सीबीएसइ 12 वीं की परीक्षा में शामिल हुए, जिसमें शत प्रतिशत रिजल्ट रहा। 214 छात्रों ने 90 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त किया। 278 छात्रों ने 75 फीसदी अंक प्राप्त किया। कॉमर्स संकाय में 113 छात्र शामिल हुए।
सभी उत्तीर्ण घोषित किये गये। इसमें 47 फीसदी छात्रों ने 90 फीसदी अंक प्राप्त किया। शेष छात्रों ने 75 फीसदी अंक प्राप्त किया है। डॉ राम सिंह ने छात्रों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन को इस सफलता का श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि जेइइ की परीक्षा का रिजल्ट भी अपेक्षा से अधिक अच्छा आयेगा। डीपीएस स्कूल के प्राचार्य डॉ राम सिंह ने कहा कि छात्र-छात्राओं ने झारखंड ही नहीं, देश और विदेशों में भी स्कूल का नाम आगे बढ़ाया है।