नई दिल्ली: शुक्रवार को सपा के विधायक और पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह के नया मोर्चा बनाने की बात पर पूर्व सपा मुलायम सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा शिवपाल सिंह के समाजवादी सेक्युलर मोर्चा बनाने से संबंधित उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गयी है। वहीँ शिवपाल यादव ने कहा था कि सेक्युलर मोर्चा का अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव को बनाया जाएगा।
समाजवादी पार्टी में छिड़े घमासान पर आज मुलायम सिंह यादव ने फिर एक बार कहा कि वह नहीं चाहते हैं कि उनकी पार्टी में कोई फूट या दरार आये। पूर्व अध्यक्ष का दर्द एकबार फिर छलक उठा उन्होंने कहा कि मेहनत से बनायीं गयी पार्टी को ऐसे ही नहीं तोड़ा जा सकता। इसी मौके पर शिवपाल यादव के समाजवादी सेक्युलर मोर्चा बनाने की बात पर मुलायम सिंह यादव ने बड़ा ही चौंकाने वाली बता कही। उन्होंने कहा कि शिवपाल यादव द्वारा बनाये गये समाजवादी सेक्युलर मोर्चे की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। न ही शिवपाल ने उनसे इस सम्बन्ध में कोई बात की है। मालूम हो कि शुक्रवार को शिवपाल यादव ने समाजवादी पार्टी से अलग होकर समाजवादी सेक्युलर मोर्चा बनाने का ऐलान किया। शिवपाल यादव ने इस दौरान ये भी कहा कि सेक्युलर मोर्चे का अध्यक्ष नेताजी यानी मुलायम सिंह यादव होंगे।
भले ही शिवपाल यादव ने मुलायम सिंह यादव को नए समाजवादी सेक्युलर मोर्चा का अध्यक्ष बनाने की बात कही हो लेकिन इस मुद्दे पर मुलायम सिंह यादव ने कहा कि शिवपाल यादव ने सेक्युलर मोर्चा बनाने के ऐलान से पहले उन्हें कुछ भी नहीं बताया था। आखिर अब यह सवाल उठ खड़ा हुआ है कि शिवपाल यादव के कदम की मुआयम सिंह यादव को कोई भी जानकारी नहीं है तो ऐसे में भला शिवपाल मुलायम सिंह यादव को समाजवादी सेक्युलर मोर्चे का अध्यक्ष बनाने की बात कैसे कर रहे थे। हालाँकि कुछ भी हो यह तो साफ़ है कि समाजवादी पार्टी और परिवार में कुछ भी सामान्य नहीं चल रहा है। शिवपाल के मोर्चा गठन के सवाल पर बोलते हुए मुलायम सिंह ने कहा कि वह शिवपाल सिंह से बात करेंगे, समाजवादी पार्टी को खड़ा करने में 25 साल लग गये इसे ऐसे ही बर्बाद नहीं किया जा सकता है।