रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य में पंचायतों का सशक्तिकरण शुरू हो गया है। राज्य के विकास में पंचायत स्वयंसेवक बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। उनके ऊपर गांव के विकास का बड़ा दायित्व है। उनके द्वारा किये गये सर्वे से गांव की असल तसवीर सामने आ रही है। गांवों में बेघर, अनाथ, विधवा की गिनती कर ली गयी है। अब उनके कल्याण के लिए योजनाएं बनेंगी। मसलन राज्य में 18 हजार अनाथ बच्चे हैं। राज्य सरकार उनका अभिभावक बनेगी।
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि 15 साल के छोटे बच्चों को आवासीय विद्यालय में पढ़ाया जायेगा। वहीं 15 साल से बड़े बच्चों के लिए रांची एवं गुमला में दो आवासीय स्कूल बनाये जा रहे हैं। यहां इन बच्चों का कौशल विकास कर उन्हें रोजगार से जोड़ा जायेगा। मुख्यमंत्री गुरुवार को नामकुम प्रखंड में आयोजित पंचायत स्वयंसेवक सशक्तिकरण कार्यक्रम में बोल रहे थे।