एजेंसी
कोलकाता। मंगलवार को पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हुई हिंसा को लेकर चहुंओर विरोध हो रहा है। भाजपा हिंसा को लेकर टीएमसी पर आरोप लगा रही है, तो टीएमसी भाजपा को हिंसा का जिम्मेदार ठहरा रही है। इन आरोप-प्रत्यारोपों के बीच लोग सड़कों पर उतर गये हैं। हिंसा के दौरान कुछ उपद्रवियों ने महान चिंतक, लेखक और समाज सुधारक ईश्वरचंद्र विद्यासागर की प्रतिमा को तोड़े जाने के विरोध में सड़क पर आंदोलन जारी है। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने विद्यासागर की प्रतिमा को तोड़ने का आरोप भाजपा पर लगाया है। उन्होंने इसके विरोध में रैली निकालने का भी एलान किया। तृणमूल कांग्रेस के छात्र संगठन ने अपने मुंह पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। ममता बनर्जी ने इसका आरोप भाजपा पर लगाया है। वाम दल और टीएमसी के छात्र संगठन विरोध में कोलकाता की सड़कों पर उतर आये हैं। माकपा ने कोलकाता की सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि दशकों से कभी ऐसी घटना नहीं हुई कि किसी ऐसे महान विभूति की मूर्ति तोड़ी गयी हो। माकपा के राष्ट्रीय महासचिव सीताराम येचुरी ने इस घटना की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस घटना की जांच होनी चाहिए कि ऐसी घटना आखिर कोलकाता में कैसे हुई। दूसरी ओर भाजपा बंगाल में हुए इस बवाल का सारा ठीकरा तृणमूल कांग्रेस पर फोड़ रही है। टीएमसी के छात्र संग के कार्यकर्ता ईश्वर चंद्र विद्यासगार की फोटो लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हंै। यह मुद्दा तब बड़ा बना, जब बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने अपने सोशल साइट्स की डीपी को बदल कर ईश्वर चंद्र विद्यासागर की डीपी लगा ली। इसके बाद सारे टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने डीपी बदलकर ईश्वर चंद्र विद्यासागर की फोटो लगानी शुरू कर दी।
मालूम हो कि मंगलवार को कोलकाता में अमित शाह की रैली रोक दी गई थी। कोलकाता पुलिस ने कागजात की मांग करते हुए मंच हटाने को कहा था। इसके बाद आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का हवाला देते हुए सड़कों पर लगे पीएम मोदी-शाह और भाजपा के कई बैनर-पोस्टर और होर्डिंग हटा दिये गये थे। इसके बाद शाम में अमित शाह की रैली के दौरान हिंसा हुई थी।
विवेक ओबेरॉय ने ममता को बताया ‘सद्दाम हुसैन’
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में मंगलवार को अमित शाह के रोड शो में हुई हिंसा और प्रियंका शर्मा की गिरफ्तारी को लेकर बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को निशाने पर लिया है। उन्होंने ममता के ‘लोकतंत्र खतरे में है’ ट्वीट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए रिट्वीट किया, मैं समझ नहीं पाता हूं कि दीदी जैसी सम्मानित महिला क्यों सद्दाम हुसैन की तरह व्यवहार कर रही हैं। विडंबना देखिये कि लोकतंत्र खतरे में है और उसे खुद तानाशाह दीदी से खतरा है। पहले प्रियंका शर्मा और अब तेजिंदर बग्गा। यह दीदीगीरी नहीं चलेगी।
सोशल मीडिया पर बंगाल की भाजपा नेता प्रियंका शर्मा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मीम शेयर किया था, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि बाद में उन्हें सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गयी। वहीं कथित तौर पर बग्गा और कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं को कोलकाता में गिरफ्तार किया गया है, जिसका जिक्र उन्होंने अपने ट्वीट में किया। बता दें कि विवेक ओबेरॉय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बायोपिक को लेकर सुर्खियों में हैं। विवेक इस फिल्म में लीड रोल में हैं। हालांकि चुनाव आचार संहिता के मद्देनजर इस फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दी गयी थी। अब यह फिल्म चुनाव परिणाम के बाद रिलीज होगी।
हार से डर गयी हैं ममता : फडणवीस
कोलकाता में अमित शाह के रोड शो के दौरान हिंसा को लेकर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फड़णवीस ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपनी हार से डरी हुई हैं, इसलिए वह लोकतंत्र की हत्या कर रही हैं। वह नहीं चाहतीं कि उनके खिलाफ एक भी चुनावी प्रचार अभियान हो। उन्होंने चुनाव आयोग से स्वच्छ और निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने की मांग की है।
‘बगदादी’ से प्रभावित होकर ‘बगदीदी’ मत बनो : योगी
बारासात। कोलकाता में मंगलवार को हुई हिंसा के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को बंगाल दौरे पर हैं। कोलकाता में उनकी रैली का मंच तोड़े जाने और रैली रद्द होने की खबरों के बीच भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने निर्देश दिया कि चाहे कुछ भी हो, रैलियां रद्द नहीं होंगी। इसके बाद पश्चिम बंगाल के बारासात में रैली के दौरान मंच से ही योगी आदित्यनाथ ने ताल ठोंक कर कह दिया कि वह कोलकाता में भी रैली करेंगे। बारासात में मंच से उन्होंने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी को ललकारा कि अमित शाह की रैली के दौरान की गयी हिंसा ‘ममता’ की आखिरी गलती है। योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया कि भाजपा से भयभीत ममता बंगाल में सभाओं के मंच तोड़कर, मजदूरों को पीटकर, रैलियां रद्द करवाकर बंगाल को क्या बनाना चाहती हैं? याद रखिये, बंगाल भारत का अभिन्न अंग है। उन्होंने लिखा कि ‘बगदादी’ से प्रभावित होकर ‘बगदीदी’ बनने का आपका सपना भारत मां के सच्चे सपूत वोट की चोट से तोड़कर रहेंगे। उन्होंने लिखा कि तानाशाह दीदी जो भी करें, उनकी विदाई तय है।
बंगाल के बारासात में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ममता की सरकार दंगे भड़का रही है। इसकी एक्सपायरी डेट निश्चित है। उन्होंने कहा कि टीएमसी के गुंडों ने अमित शाह के रोड शो में जो हमला किया, इस सरकार की अंतिम ताबूत बनने जा रही है। इनको सिर छिपाने की जगह नहीं मिलेगी।
योगी आदित्यनाथ ने विद्यासागर की मूर्ति तोड़ने को लेकर भी ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि टीएमसी जिनको समर्थन कर रही है, वे लोग मूर्ति पूजा को नहीं मानते हैं। टीएमसी के गुंडे ही मूर्ति को तोड़ रहे हैं।
अमित शाह पर तृणमूल कांग्रेस ने किया जानलेवा हमला: स्मृति ईरानी
एजेंसी
पालमपुर (कांगड़ा)। अमेठी में राहुल गांधी को चुनावी मैदान में टक्कर दे रहीं भाजपा नेता स्मृति ईरानी ने पालमपुर में पार्टी प्रत्याशी किशन कपूर के पक्ष में रैली के दौरान कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। ईरानी ने आरोप लगाया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर कोलकाता में कांग्रेस के सहयोगी दल तृणमूल कांग्रेस ने जानलेवा हमला करवाया। जनता इस हमले का जवाब दोनों दलों को देगी। रुपहले परदे की तुलसी से नेता बनीं स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी पर देशविरोधी ताकतों का साथ देने का आरोप लगाया। स्मृति ने राहुल का नाम लिये बिना कहा कि जेनएयू में भारत तेरे टुकड़े होंगे के नारे लगाने वालों का कांग्रेस के इन्हीं नेता ने साथ दिया। कांग्रेस ने तो सेना प्रमुख को गुंडा तक कह दिया। एयर स्ट्राइक के बाद नौसेना प्रमुख पर ही कांग्रेस ने कई लांछन लगा दिये। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री को नीच तक कह दिया। मोदी ने कई लांछन और अपमान सहे, लेकिन वह विकास के पथ पर चलते रहे।
स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी और रॉबर्ट वाड्रा का नाम लिए बिना कहा कि जब जीजा जी ब्याहे थे, तो इतने अमीर नहीं थे।