चाईबासा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को चुनौती दी कि यदि उनमें दम है, तो देश में शेष बचे दो चरणों के चुनाव अपने पूर्व प्रधानमंत्री के मान-सम्मान और बोफोर्स के मुद्दे पर लड़ ले, जिससे पता चल जायेगा कि किसके बाजुओं में कितना दम है। सोमवार को सिंहभूम और जमशेदपुर लोकसभा सीटों के लिए यहां चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने गर्जना की, कांग्रेस को चुनौती देता हूं, नामदार परिवार के राग दरबारियों और चेले-चपाटों को चुनौती देता हूं कि आज का चरण को पूरा हो गया है, लेकिन अभी दो चरणों का चुनाव शेष है, आपके पूर्व प्रधानमंत्री, जिनके लिए आप मोटे-मोटे आंसू बहा रहे हैं, उनके मान-सम्मान पर ही चुनाव लड़ लें।
मोदी ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों को ललकारते हुए कहा, आपमें हिम्मत है तो देश में आखिरी दो चरणों के चुनाव और दिल्ली का भी चुनाव अभी बाकी है, बोफोर्स के मुद्दे पर लड़ लें। देखते हैं, जोर कितना बाजुओं में है? उन्होंने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा, नामदार परिवार प्रधानमंत्री के पद की मर्यादा भी भूल गयी और देश के प्रधानमंत्री को गाली देता देता रहा, लेकिन जैसे ही हाल में एक सभा में मैंने बोफोर्स के भ्रष्टाचार की याद दिलायी, जैसे तूफान आ गया। मैंने तो सिर्फ एक शब्द ही बोला था, लेकिन मानो इनको तो बिच्छू काट गया। मोदी ने कहा कि नामदार परिवार में यदि दम है, तो वह बोफोर्स के मुद्दे पर बचा हुआ चुनाव लड़ ले। देश के नौजवानों को भी पता चलना चाहिए कि कैसे बीसवीं सदी में एक परिवार ने देश को लूटा और बर्बाद किया। उन्होंने कहा कि आइये उस समय के प्रधानमंत्री राजीव गांधी के मान-सम्मान के मुद्दे पर ही शेष चुनाव लड़ते हैं। दम हो तो मैदान में आइये। मोदी ने दो टूक कहा कि यह लोकतंत्र है, आप अपनी बात रखिये और हम अपनी बात रखेंगे। जनता जनार्दन फैसला करेगी। उपस्थित जनसमूह के भारी समर्थन के बीच उन्होंने कहा कि मैं देखता हूं कि ये मिलावटी लोग और कांग्रेस मेरी चुनौती को स्वीकार करते हैं कि नहीं? मैं तो तैयार हूं। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर अपने शासन के 55 वर्षों में भारी भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि वह देश में कांग्रेस के भ्रष्टाचार के जकड़न को तोड़ने में काफी हद तक सफल हुए हैं, लेकिन वह यह दावा नहीं कर सकते हैं कि इस जकड़न को उन्होंने पूरी तरह समाप्त कर दिया है। मोदी ने दो टूक कहा कि उनकी पांच वर्षों की सरकार के दामन पर भ्रष्टाचार का एक भी दाम नहीं लगा है और विपक्ष इसी से तिलमिलाया है और उलजुलूल आरोप उनकी सरकार के खिलाफ लगाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड में भी भाजपा के नेतृत्व में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार का गठन हुआ और आज यहां विकास की बयार बह रही है। जिस राज्य को मधु कोड़ा के भ्रष्टाचार और कोयला घोटाले के लिए जाना जाता था, अब वहीं विकास और खेलों की बात होती है।
उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्ट पार्टियों और नेताओं का साथ देने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस ने यहां चार हजार करोड़ रुपये के घोटाले के आरोपी मधु कोड़ा के परिवार वालों (गीता कोड़ा) को अपनी पार्टी में न सिर्फ शामिल किया, बल्कि उन्हें टिकट भी दे दिया। इसी प्रकार प्रधानमंत्री ने लालू यादव का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस चारा घोटाले के इन अपराधी को अपने गले में लटकाये घूम रही है और उनके साथ ही मिल कर बिहार में चुनाव लड़ रही है।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



