आजाद सिपाही संवाददाता
गिरिडीह। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजेश कुमार पाठक ने बताया कि कोडरमा लोकसभा सीट के लिए चुनाव प्रचार खत्म हो चुका है। कोडरमा लोस क्षेत्र से कुल 14 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। 6 मई को मतदान की तिथि है। सुबह 7 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक मतदान का समय है। ये बातें उन्होंने समाहरणालय के सभा कक्ष में प्रेस वार्ता के दौरान कही। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता भयमुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्ति करें। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों को मतदान केंद्रों तक ले जाने के लिए विशेष व्यवस्था की गयी है। ट्राइसाइकिल, व्हील चेयर आदि से दिव्यांगों को मतदान केंद्र तक पहुंचाया जायेगा। मतदान केंद्रों में बिजली, पानी और रैंप की सुविधा दी जायेगी। उन्होंने बताया कि कोडरमा लोस क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले धनवार, जमुआ, बगोदर, गांडेय में कुल 1653 बूथ बनाए गये है। गिरिडीह जिले के चारों विधानसभा के 11 लाख 54 हजार 710 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं कोडरमा लोस क्षेत्र के कुल 17 लाख 69 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि कुल 7772 कर्मियों को कोडरमा लोस चुनाव के लिए लगाया जा रहा है। जिसमें 660 को रिजर्व रखा गया है। 6612 कर्मियों को चुनाव कार्य में पॉलिंग करवाने के लिए भेजा जा रहा है। वहीं हर विधानसभावार 25 माइक्रो आॅब्जर्बर की नियुक्ति की गयी है। कुल 165 मतदान केंद्रों पपर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गयी है। ताकि चुनाव आयोग भी मतदान के दिन होने वाले गतिविधियों से अवगत हो सके। डीसी ने बताया कि मतदान के दिन सुरक्षा को लेकर 40 पारा मिलिट्री कंपनी के अलावा जैप, सैफ, जिला पुलिस बल और होमगार्ड के जवानों को लगाया जा रहा है। कहा कि मतदान केंद्र के पास 144 धारा लागू कर दी गयी है। कोई भी व्यक्ति मतदान केंद्र पास पांच की संख्या में खड़ा नहीं हो सकते हैं। कहा कि अगर वे दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। उपायुक्त ने बताया कि कोडरमा संसदीय क्षेत्र के लिए सामान्य प्रेक्षक के रूप में एनवी प्रसाद कार्य कर रहे हैं। वहीं कोडरमा भरकट्टा विस निर्वाचन क्षेत्र के लिए व्यय प्रेक्षक के रूप में सुधीर कुमार चटर्जी, धनवार, बगोदर, जमुआ, गांडेय विस क्षेत्र के लिए व्यय प्रेक्षक के रूप अनिल शशिधरण और गिरिडीह और डुमरी विस क्षेत्र के लिए व्यय प्रक्षेक के रूप में रोहित यादव काम कर रहे हैं। प्रेस वार्ता के दौरान अपर समाहर्ता अशोक कुमार साह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रश्मि सिन्हा आदि मौजूद थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version