आजाद सिपाही संवाददाता
मेदिनीनगर। पलामू के शहीद लेफ्टिनेंट अनुराग शुक्ला की शहादत के सम्मान में पहल सामाजिक संस्था द्वारा जिला स्कूल के मैदान में आयोजित नाइट कॉस्को क्रिकेट टूर्नामेंट का रविवार की शाम शानदार आगाज हुआ। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों द्वारा शहीद लेफ्टिनेंट अनुराग की तस्वीर पर माल्यापर्ण कर उन्हें नमन किया गया। इसके बाद पलामू के आयुक्त मनोज कुमार झा, उपायुक्त डॉ. शांतनु कुमार अग्रहरि एवं पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत माहथा के साथ झारखंड माटी कला बोर्ड के सदस्य अविनाश देव ने दीप जला कर टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान संत मरियम स्कूल के बच्चों ने स्वागत गीत के साथ-साथ देश भक्ति गीत व नृत्य के रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये। इस अवसर पर आयुक्त मनोज कुमार झा ने कहा कि अपने लाल लेफ्टिनेंट अनुराग की शहादत पर पलामू को गर्व है। उनकी याद में टूर्नामेंट का अयोजन पहल की सच्ची श्रद्धांजलि है। उपायुक्त डॉ. शातनु कुमार अग्रहरि ने कहा कि पलामू का खेल से गहरा संबंध है। मित्रों की जान बचाने के लिए लेफ्टिनेंट अनुराग ने अपनी शहादत दी। यह देश के लिए गर्व की बात है। शहीद की याद में पहल का यह कार्य ऐतिहासिक है। एसपी इंद्रजीत माहथा ने कहा कि लेफ्टिनेंट अनुराग की शहादत पर पलामू ही नहीं पूरे देश को गर्व है। अविनाश देव ने कहा कि यह आयोजन अनुराग की शहादत को सम्मान है। उनकी रूचि क्रिकेट में काफी थी। देव ने कहा कि खेल की प्रतिभाओं को निखारने का यह अच्छा मौका है। इसका कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है। अनुराग जिला वासियों के जहन में हमेशा अमर रहेंगे। इस दौरान शहीद लेफ्टिनेंट अनुराग के पिता जितेंद्र शुक्ला ने टूर्नामेंट के आयोजनकर्ता पहल ट्रस्ट को 11 हजार रुपये का राशि प्रदान किया। टूर्नामेंट के प्रारंभ में प्रशासन एवं पत्रकार एकादश के बीच फैंसी मैच खेला गया। वहीं टूर्नामेंट का पहले मैच में आइडिया क्लब ने खान इलेवन को हराया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक नेता परशुराम तिवारी ने की। मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष नरेंद्र पांडेय, जिप सदस्य लवली गुप्ता, प्रो.एससी मिश्रा, भाजपा नेता अमित प्रकाश उपाध्याय, भाजपा के प्रदेश मंत्री मनोज सिंह, विभाकर पांडेय,पूर्व सैनिक बृजेश शुक्ला, डीएसपी भोला सिंह, डीएसपी सुरजीत कुमार, सीआरपीएफ के द्वितीय कमान अधिकारी अरविंद त्रिपाठी, थाना प्रभारी दुलर चौड़े, जेवीएम के जिलाध्यक्ष मुरारी पांडेय एवं आजसू के जिलाध्यक्ष विकेश शुक्ला समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version