हिंडौन (राजस्थान)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राजस्थान के हिंडौन और सीकर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जम कर हमला बोला। सर्जिकल स्ट्राइक के कांग्रेस के दावे पर उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस कह रही है कि उसने अपनी सरकार में छह सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया है। ये कैसा स्ट्राइक था, जिसके बारे में आतंकियों को पता ही नहीं चला, पाकिस्तान को पता नहीं चला, भारतीयों को भी पता नहीं चला। पहले उन्होंने मजाक उड़ाया, फिर विरोध किया और अब कह रहे हैं, मैं भी, मैं भी। मोदी ने कहा, कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बयान दिया कि हमारे समय में भी कई बार सर्जिकल स्ट्राइक हुई। अब कांग्रेस किसी भी तरह ये साबित करने में तुली है कि हमने एयर स्ट्राइक की। कांग्रेसी अब सर्जिकल स्ट्राइक की तारीख भी सामने लेकर आये हैं। उन्होंने कहा कि एसी कमरों में बैठ कर कागज में सर्जिकल स्ट्राइक कांग्रेस ही कर सकती है।
मसूद अजहर को वैश्विक आतंकी घोषित कराने को लेकर उन्होंने सोनिया गांधी और राहुल गांधी का नाम लिये बिना कहा कि मैडम जी! नामदार से पूछ कर संयुक्त राष्ट्र को फैसला करना था क्या? पहले संयुक्त राष्ट्र को कांग्रेस से पूछना चाहिए था कि मैडम जी, नामदार जी, आप लोग जिन्हें ‘जी’ या ‘साहब’ कह कर बुलाते हैं, उन्हें हम अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित कर दें क्या? आपको कोई दिक्कत तो नहीं होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान गोली चलायेगा, तो मोदी गोला बरसायेगा। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। दो दिन पहले ही भारत के बहुत बड़े दुश्मन मसूद अजहर को दुनिया की सबसे बड़ी संस्था ने अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित किया है। पाकिस्तान में बैठा आतंकियों का यह आका कई बरसों से भारत को घाव पर घाव दे रहा था। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान और आतंकवादियों के मंसूबों पर यह तीसरी बड़ी स्ट्राइक हुई है। अब आप बताइये, पाकिस्तान की हेकड़ी निकली है या नहीं। मोदी ने कहा, कांग्रेस को परेशानी है कि चुनाव चल रहे हैं और अबू धाबी, यूएइ मोदी को अवार्ड देता है। कांग्रेस को परेशानी है कि चुनाव चल रहे हैं और रूस मोदी को अवार्ड दे रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि देश की सुरक्षा की बेहतर स्थिति कांग्रेस को पसंद नहीं आ रही। मसूद अजहर के अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित होने की खुशी मनाने की बजाय कांग्रेस खुद का मजाक बना रही है। कांग्रेस कहती है कि चुनाव के समय ऐसा क्यों हुआ। ये क्या मोदी की कैबिनेट ने फैसला लिया है। आतंक और आतंकियों से निपटने के कांग्रेसी तरीके और भाजपा के तरीके की तुलना नहीं हो सकती। उन्होंने कहा जिस हेलीकॉप्टर घोटाले में नामदार का परिवार फंसा है, उसके सबसे बड़े राजदार को भारत रातों-रात उठवा कर अपने यहां ले आता है, तो कांग्रेस कहती है कि यह मोदी ने अपने फायदे के लिए किया है।
अब सर्जिकल स्ट्राइक पर मीटू मीटू कर रही है कांग्रेस: PM
Previous Articleनाबालिग ने ट्रक से बारातियों को रौंदा, 1 की मौत
Next Article नोटबंदी-जीएसटी से पूरा देश परेशान हुआ : राहुल
Related Posts
Add A Comment