रांची। पूर्व प्रधानमंत्री स्व राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर गुरुवार को रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस भवन में सोशल डिस्टेसिंग का पालन करते हुए श्रद्धांजलि दी गयी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने जनसेवा और देशसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का काम किया था, इसलिए आज उन्हें न सिर्फ कांग्रेस, बल्कि पूरा देश याद कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में नेतृत्वकर्ता की पहचान भविष्य की जरूरतों को पहचानने और उस दिशा में कदम आगे बढ़ाने को लेकर होती है। तत्कालीन प्रधानमंत्री के रूप में राजीव गांधी ने 21 वर्ष की जगह 18 वर्ष के विद्यार्थियों-युवाओं को वोट का अधिकार दिया और सूचना क्रांति के माध्यम से बड़े बदलाव की आधारशिला रखी थी। आज दो सेकेंड में दुनिया भर से संपर्क स्थापित हो सकता है। राजीव गांधी ने कहा था कि केंद्र सरकार विकास योजनाओं के लिए जो 100 पैसे भेजती है, उसमें से 15 पैसे ही गांव तक पहुंच पाते हैं, इस कथन के पीछे उनके मानस पटल पर यह सोच रही कि गरीबों के कल्याण के लिए खर्च की जाने वाली राशि सही तरीके से लाभुकों तक पहुंचे। इसी सोच के तहत राजीव गांधी ने डीबीटी के माध्यम से योजना के लाभुकों को सीधे मदद पहुंचा कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त करने की कोशिश की। इस मौके पर प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, राजेश गुप्ता छोटू समेत अन्य उपस्थित थे।