रांची। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने केंद्र सरकार से देशभर के सभी महत्वपूर्ण शहरों से ट्रेन चलाने की मांग की है। कहा है कि सिर्फ दिल्ली से ट्रेन का परिचालन नाकाफी होगा। झारखंड के लगभग आठ लाख से ज्यादा मजदूर देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे हुए हैं और जिस गति से ट्रेन चलायी जा रही है, उसमें मजदूरों को लाने में छह महीने लग जायेंगे। ऐसे में केंद्र सरकार ट्रेनों की संख्या में वृद्धि करे। जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाने को लेकर कांग्रेस द्वारा किये जा रहे कार्यों की सोमवार को भी प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव ने मॉनिटरिंग की। कहा कि सभी फंसे प्रवासियों को सरकार वापस लायेगी।
फंसे मजदूरों की टोह ले रही कांग्रेस
रांची। प्रदेश कांग्रेस कमेटी राहत निगरानी समिति की बैठक सोमवार को प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे की अध्यक्षता में हुई। इसमें प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ राजेश गुप्ता छोटू, सन्नी टोप्पो, मदन मोहन शर्मा, सुरेंद्र सिंह, नरेंद्र लाल गोपी, तपेश्वर मिश्रा मुख्य रुप से उपस्थित थे। प्रवक्ता श्री शाहदेव ने बताया कि प्रवासी मजदूरों का आंकड़ा एकत्रित किया जा रहा है। दूसरी तरफ अंतर जिला मजदूरों की सूची लगभग दो हजार तक पहुंच गयी है।