नई दिल्ली । देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच केंद्रीय परिवार एवं स्वास्थ्य कल्याण मंत्रालय ने रविवार को घरेलू विमान यात्रा के लिए दिशा-निर्देश जारी किये हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी दिशा निर्देश के मुताबिक विदेशों से भारत लौट रहे प्रवासियों को 14 दिनों तक अनिवार्य एकांतवास (क्वारंटीन) में रहना होगा। 14 दिनों में सात दिनों तक संस्थागत एकांतवास केंद्रों में अपनी लागत पर और सात दिनों तक घर पर एकांतवास में बिताना होगा। दूसरी तरफ, घरेलू यात्रा के लिए सभी यात्रियों को अपने मोबाइल फोन में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करना अनिवार्य होगा। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को यह सुनिश्चित करना होगा कि यात्रा से पहले उनकी स्क्रीनिंग की जाए और इसके बाद उन्हें विमान में चढ़ने की अनुमति दी जाए।
इंदिरा गांधी अन्तरराष्ट्रीय हवाईअड्डे की संचालन करने वाली कंपनी दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने बताया कि सोमवार से शुरू हो रही घरेलू उड़ान सेवा की पहली उड़ान शाम 4:30 बजे आईजीआई के ट्रमिनल-3 से पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकता के लिए उड़ान भरेगी। यह फ्लाइट निजी विमानन सेवा के इंडिगो की फ्लाइट होगी। डायल ने कहा कि अभी हर दिन 190 फ्लाइट टेक ऑफ और इतनी ही फ्लाइट को लैंड करने की इजाजत नागरिक उड्डायन मंत्रालय ने दी है। विमानों के सुचारु रूप से संचालन के लिए दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल), केंद्रीय ओद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), दिल्ली पुलिस, एयरलाइंस कंपनियां और अन्य तमाम संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ काम करेगी।
विमान यात्रियों के लिए इऩ राज्यों में 14 दिन एकांतवास जरूरी
ओडिशा, पंजाब, अंडमान-निकोबार, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, असम, उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश सरकार ने विमान से वापस आने वालों को एकांतवास में रखने का फैसला लिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में 7 दिनों का संस्थागत और 7 दिनों का घरेलू एकांतवास होगा। शहरी क्षेत्रों में 14 दिनों का अनिवार्य घरेलू एकांतवास रहेगा। पंजाब, अंडमान-निकोबार, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, असम, उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश ने भी कहा है कि विमान से आने वाले यात्रियों को 14 दिन घरेलू एकांतवास में रहना होगा।
दूसरी ओर महाराष्ट्र सरकार ने भी घरेलू उड़ानों की अनुमति दे दी है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक अन्य राज्यों की तरह महाराष्ट्र ने घरेलू नागरिक उड्डयन परिचालन को राज्य और राज्य से बाहर के लिए अनुमति दे दी है। निर्णय को अंतिम रूप देने से पहले राज्यों से विचार-विमर्श किया गया। यह देखते हुए कि बुकिंग शुरू हो गई है और यात्री सोमवार से उड़ान भरने के लिए तैयार हैं।