पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां और गोड्डा, साहेबगंज तथा पाकुड़ में होगी बारिश
21 मई को भी तूफान का असर दिख सकता है
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। सुपर साइक्लोन में बदल चुके चक्रवात तूफान अम्फान से झारखंड में भी बारिश होगी। इस चक्रवाती तूफान का सर्वाधिक असर पश्चिम बंगाल, उड़ीसा और बांग्लादेश पर होगा पर इससे झारखंड में भी कई जिलों में बुधवार को बारिश होगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के मुताबिक चक्रवाती तूफान अम्फान 20 मई की शाम को पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तट को पार करेगा। इसके प्रभाव से झारखंड में बुधवार को पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां और गोड्डा, साहेबगंज और पाकुड़ में बारिश होगी। वहीं इन स्थानों पर तीस से चालीस किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
पश्चिम बंगाल के लिए चेतावनी जारी
अम्फान के खतरे को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पश्चिम बंगाल के लिए आॅरेंज चेतावनी जारी की है। विभाग ने कहा है कि चक्रवाती तूफान 20 मई की दोपहर या शाम को अत्यंत प्रचंड तूफान के रूप में बांग्लादेश के हटिया द्वीप में और पश्चिम बंगाल के दीघा के बीच से पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश से होकर गुजरेगा। इस दौरान 155 से 165 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। इनकी रफ्तार 185 किमी भी हो सकती है। तूफान से कच्चे घरों को बहुत ज्यादा नुकसान और पक्के घरों को भी कुछ नुकसान पहुंच सकता है। इससे ओड़िशा के कई जिलों में भारी बारिश संभव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अम्फान तूफान से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा के लिए सोमवार को एक उच्चस्तरीय बैठक की।