आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड में कोरोना वायरस के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार लॉकडाउन बढ़ा सकती है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसके संकेत दिये हैं। राज्य में अबतक कोविड-19 के 450 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। प्रवासी मजदूर भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाये जा रहे हैं। इस स्थिति में सरकार लॉकडाउन बढ़ा सकती है, हालांकि कई मामलों में पहले ही छूट दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि हमें कोई जल्दी नहीं है। सभी स्वस्थ रहेंगे, तो चीजें आगे बढ़ेंगी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए लॉकडाउन बढ़ाने का निर्णय लिया जायेगा। जरूरत पड़ी तो लॉकडाउन को और आगे बढ़ायेंगे। हमारी प्राथमिकता राज्य के लोगों का स्वास्थ और रोजगार है। उन्होंने कहा कि जबतक हमारा हर आदमी अपने राज्य वापस नहीं आ जाता हम आराम से नहीं बैठ सकते। लोगों को भूख और बीमारी से बचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार लोगों को वापस लाने के लिए हर प्रयास कर रही है। लोगों को ट्रेन, बस और हवाई जहाज से भी वापस लाया जा रहा है। आज भी हमारे 60 मजदूर लेह से हवाई जहाज के माध्यम से रांची लौट रहे हैं। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन को लेकर हमें कोई जल्दी नहीं है, राज्य के लोग सुरक्षित रहेंगे, तो चीजें आगे बढ़ेंगी।