आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। जमशेदपुर पूर्वी से निर्दलीय विधायक सरयू राय का सरयू किचन अन्नपूर्णा की तरह जरूरतमंदों की सेवा में जुटा हुआ है। सोमवार को सरयू किचन के जरिये 4580 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया। दोपहर में लोगों को पोहा और शाम में पूड़ी-सब्जी दी गयी। रविवार को भी सरयू किचन की ओर से 4280 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया था। रविवार दोपहर चावल-सब्जी और शाम में चाउमीन दिया गया था। सरयू किचन की ओर से लॉक डाउन के 46वें दिन सोमवार तक दो लाख 11 हजार लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा चुका है। सरयू राय की इस पहल को कई समाजसेवियों, उद्योगपतियों और व्यापारी वर्ग ने सराहा है। इसमें वे स्वेच्छा से अपना सहयोग भी कर रहे हैं। सरयू रसोई में भोजन तैयार करके जरूरतमंदों तक पहुंचाने के कार्य की देखरेख आशुतोष राय और अशोक गोयल कर रहे हैं।