आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। जमशेदपुर पूर्वी से निर्दलीय विधायक सरयू राय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर कहा है कि लॉकडाउन तीन में आर्थिक गतिविधियां शुरू करने के लिए छूट नहीं मिलने से लोगों में असमंजस की स्थिति है। लोगों को आशा थी कि इस संबंध में नियंत्रित छूट मिलने की घोषणा हो सकती है पर ऐसा नहीं हुआ। ऐसा नहीं हुआ तो जरूर इसका कोई न कोई कारण होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इससे अवगत होंगे कि झारखंड के पड़ोसी राज्यों में लॉकडाउन 3 की अवधि में तीन मई से ही आर्थिक गतिविधियां चलाने के लिए किसी प्रकार की नियंत्रित छूट देने की अधिसूचना जारी की है। यदि ऐसी ही छूट झारखंड में भी मिलती है तो उद्योग-व्यवसाय और अन्य आर्थिक गतिविधियां तथा रोज काम करनेवाले श्रमिकों की परेशानियां एक सीमा तक दूर हो जायेगी।
कृषि गतिविधियां शुरू होनी जरूरी
उन्होंने कहा कि कृषि का समय आ रहा है और ऐसे में देश का अन्न भंडार भरा रहने के लिए कृषि गतिविधियां शुरू होनी जरूरी है। केवल किसानों के बैंक खाते में पांच-दस हजार रुपये डाल दिये जाने से खेती-किसानी की सहायता हो जायेगी यह सही नहीं है। खेती के लिए किसानों को आवश्यक उपकरण, खाद-बीज और कीटनाशक जैसे इनपुट भी चाहिए और बाजार खुलने से ही ये किसानों को उपलब्ध हो सकते हैं। झारखंड में लॉक डाउन 3 में लोगों को छूट क्यों नहीं दी जा रही इस जिज्ञासा का समाधान होना चाहिए। राज्य में खेती और अन्य गतिविधियों को गति मिले इसके लिए सरकार की ओर से प्रयास किये जाने की जरूरत है।