अगर मुहल्ले में 20 लोग टीकाकरण के लिए हैं, तो करें फोन
45 प्लस को, मील का पत्थर साबित होगा यह अभियान: स्वास्थ्य मंत्री
वैक्सीनेशन के लिए कंट्रोल रूम नंबर 7546028221 पर करें कॉल

रांची। कोविड-19 से बचाव के लिए सरकार के विशेष चलंत टीकाकरण अभियान की शुरूआत शुक्रवार को हुई। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने रांची के जवाहर नगर क्लब परिसर से इसकी शुरूआत की। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर दो कोविड सुरक्षा वाहनों को रवाना किया। मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि राज्य के लिए आज का दिन मील का पत्थर साबित होगा। अब जन-जन के द्वार तक पहुंचकर वैक्सीनेशन का कार्य किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि कोविड विभीषिका के विरुद्ध यह शंखनाद है। स्वस्थ समृद्ध और उन्नत राज्य की कल्पना के लिए सरकार काम कर रही है। जैसे-जैसे राज्य सरकार को वैक्सीन प्राप्त हो रही है, तेज गति से टीकाकरण का कार्य किया जा रहा है। कोविड सुरक्षा वाहनों द्वारा टीकाकरण का लाभ लेने के लिए कंट्रोल रूम नंबर 7546028221 पर कॉल करना होगा।

कम से कम 20 लोग होने पर वैक्सीनेशन
मोबाइल वैक्सीनेशन का लाभ लेने के लिए किसी भी स्थान पर 20 लोग होने आवश्यक है। कम से कम 20 लोग होने पर कंट्रोल रूम नंबर 7546028221 पर कॉल कर इसकी जानकारी देनी होगी। इसके बाद संबंधित स्थान पर पहुंचकर वैक्सीनेशन का कार्य किया जायेगा।

ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था
रांची में मोबाइल वैक्सीनेशन के माध्यम से 45 वर्ष से अधिक और 18-45 वर्ष आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण किया जायेगा। साथ ही आॅन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन की भी व्यवस्था होगी। सुरक्षा वाहनों से टीकाकरण के लिए 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को प्राथमिकता दी जायेगी।

मौके पर इनकी रही मौजूदगी
विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह, राज्य टीकाकरण के नोडल पदाधिकारी डोडे अंजनेयुलू, डीसी छवि रंजन, डीडीसी विशाल सागर, एसी नक्सल रामवृक्ष महतो, सिविल सर्जन डॉ विनोद कुमार और अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version