धनबाद। तोपचांची थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के सामने आए कथित बाइक लूट और गोलीबारी के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। शुरुआत में इसे अपराधियों द्वारा युवक को गोली मारकर बाइक लूटने की घटना बताया गया था, लेकिन पुलिस जांच में कई ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनसे पूरी कहानी संदिग्ध नजर आ रही है। अब पुलिस इस मामले के पीछे किसी बड़ी साजिश की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब तीन बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक को गोली मार दी गई है। घायल रवि बख्श राय को तत्काल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। युवक ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त दिवाकर सिंह के साथ पल्सर एनएस बाइक से देवघर जा रहा था। इसी दौरान तोपचांची बाजार के पास बाइक सवार बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी और बाइक लूटकर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक घटना में तीन राउंड फायरिंग हुई, जिसमें दो गोलियां रवि के दोनों पैरों में लगीं। हालांकि जब पुलिस ने कथित घटनास्थल का निरीक्षण किया तो वहां न तो खून के निशान मिले और न ही कोई खोखा बरामद हुआ। इसके अलावा घायल और उसके साथी के बयानों में भी कई विरोधाभास सामने आए हैं।
बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि गोलीबारी की घटना बोकारो जिले के दुग्दा थाना क्षेत्र में कोयला कारोबार से जुड़े वर्चस्व विवाद के दौरान हुई हो सकती है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही मामले की वास्तविकता सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।



