पलामू। जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जपला-छतरपुर मुख्य सड़क पर गम्हरिया गांव के समीप ऑटो और बोरवेल ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दो बच्चों को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

जानकारी के अनुसार, एक ऑटो में दो बच्चों सहित आठ लोग सवार होकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गम्हरिया गांव के पास सामने से आ रहे बोरवेल ट्रक से ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गोरयाथान निवासी 65 वर्षीय चन्द्रिका यादव गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका पैर कटकर अलग हो गया। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना में समसुन बीबी, पीर मोहम्मद, समीरा खातून, लालदेव और सरिता देवी सहित कई लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, हादसे में घायल दो बच्चों का भी उपचार कराया जा रहा है।

ग्रामीणों ने दुर्घटना के लिए सड़क किनारे पाइपलाइन बिछाने वाली कंपनी को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य के बाद सड़क किनारे मिट्टी ऊंची छोड़ दी गई, जिससे सड़क संकरी और खतरनाक हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाने में जुटी हुई है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version