आइएएस पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा के कई ठिकानों पर ईडी ने फिर छापेमारी शुरू कर दी है। यह छापेमारी इस समय बिहार और झारखंड में हो रही है। बताया जा रहा कि करीब 6 ठिकानों पर ईडी की यह कार्रवाई सुबह से ही चल रही है। बताया जा रहा है कि ईडी की यह छापेमारी पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा के संबंधियों के यहां चल रही है।

अनिल झा और दुर्गा झा के यहां भी छापेमारी
बताया जा रहा कि ईडी की छापेमारी अनिल झा के यहां भी चल रही है। अनिल झा पर गिरफ्तार आइएएस पूजा सिंघल और खान विभाग में ऊपर तक काली कमाई पहुंचाने का आरोप है। अनिल झा अभिजीता कंस्ट्रक्शन में पार्टनर बताया जा रहा है। यह भी सूचना आ रही कि ईडी अनिल झा के भाई और दुर्गा डेवलपर्स के मालिक दुर्गा झा और एक अन्य संबंधित के यहां भी छापेमारी कर रही है। इनके कार्यालयों और घरों में यह छापेमारी चल रही है। दुर्गा डेवलपर्स का कार्यालय रांची के अरगोरा चौक के पास अशोक नगर, रोड नंबर 5 में है।

रांची में विशाल चौधरी के घर पर भी छापेमारी
सूचना है कि ईडी ने राजधानी रांची में विशाल चौधरी नामक एक व्यक्ति के घर पर भी छापेमारी की है। विशाल चौधरी को झारखंड के ब्यूरोक्रेट्स की काली कमाई का बड़ा निवेशक बताया जा रहा है। ईडी अभी उसके घर पर छापेमारी की दस्तावेजों की छानबीन कर रही है।

खनन अधिकारियों से मिली जानकारी के बाद छापेमारी
ईडी द्वारा खनन अधिकारियों से चल रही पूछताछ के बाद मिले इनपुट और अबतक की पूछताछ में इनका नाम सामने आया है। केवल पूजा सिंघल ही नहीं पाइपलाइन में वर्तमान में राज्य में सक्रिय कई अफसर भी हैं। छानबीन जारी है। विशाल चौधरी राज्य के कुछ आइएएस अफसरों का करीबी है। जांच में ऐसे अफसरों के नाम सामने आ सकते हैं। जानकारी के अनुसार रांची में विशाल चौधरी के विनायका ग्रुप पर ईडी की छापेमारी चल रही है। ईडी ने सभी कर्मचारियों का मोबाइल एक जगह रखवा दिया है। विशाल चौधरी का विनायका ग्रुप अशोक नगर रोड नंबर 5 के पास है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version