-छात्राओं को 200 बार कराया उठक-बैठक, कई छात्राएं बीमार
-दर्द से रात भर परेशान रहीं छात्राएं, कुछ की तबियत बिगड़ी
– प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया भर्ती
संतोष सिन्हा/विनय कुमार
हेरहंज। लातेहार जिला के हेरहंज प्रखंड मुख्यालय स्थित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय की वार्डन एलिजाबेथ कुमुद टोप्पो पर विद्यालय की छात्राओं को 200 बार उठक-बैठक कराने का आरोप लगा है। इससे कई छात्राओं की तबियत खराब हो गयीं। वह रात भर दर्द से परेशान रहीं। जिन छात्राओं की तबियत अधिक खराब हो गयीं, उन्हें हेरहंज के हेल्थ वेलनेस सेंटर सह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
छात्राओं ने बतायी आपबीती:
विद्यालय कीछात्राओं ने बताया कि प्रत्येक दिन के अनुसार गुरुवार की शाम 6 बजे एसेंबली की घंटी के बाद खेलकूद का आयोजन किया जाना था। जिसमें उपस्थित 176 छत्राओं में से मात्र छह छत्राओं ने हिस्सा लिया। इससे नाराज हो कर विद्यालय कीवार्डन एलिजाबेथ कुमुद टोप्पो ने खेल में शामिल नहीं होने वाली छात्राओं को शारीरिक दंड दिया। उन्होंने छात्राओं से 200-200 बार उठक-बैठक करवाया। जिससे करीब सभी छात्राएं रात में दर्द से कराह रही थीं। कुछ छात्राएं बेहोश भी हो गयीं। गार्ड ममता कुमारी ने इसकी सूचना लैब टैक्नीशियन निरंजन कुमार को दी। निरंजन कुमार ने जिन छात्राओं की तबियत ज्यादा खराब थी, उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए कहा, लेकिन वार्डन ने मामले को सुबह तक के लिए टाल दिया। निरंजन कुमार ने अपने स्तर पर छात्राओं को ओआरएस और दर्द की दवा दिया। शुक्रवार को जब 10 छात्राओं की तबियत ज्यादा खराब हो गयी, तो उन्हें स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। जहां एनएनएम सावित्री कुमारी की देखरेख में इलाज हुआ।
वरीय पदाधिकारी पहुंचे अस्पताल:
घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी प्रदीप कुमार दास, प्रखंड प्रमुख पार्वती देवी और उप प्रमुख विजय उरांव ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे। उन्होंने छात्राओं से घटना की जानकारी ली और उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा। प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी प्रदीप कुमार दास ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इस बारे में वार्डेन एलिजाबेथ कुमुद टोप्पो से पूछताछ की गयी। वार्डेन ने छात्राओं को 100-100 बार उठक-बैठक कराने की बात कबूल की है। मामले की रिपोर्ट बनाकर जिले के वरीय पदाधिकारी को दूंगा।
लोगों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग:
तासु पंचायत समिति सदस्य उपेन्द्र यादव, चिरु पंचायत समिति सदस्य पति शिव कुमार सिंह ने भी घटना की जानकारी ली। उन्होंने वार्डन के खिलाफ उपायुक्त भोर सिंह यादव से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सांसद प्रतिनिधि रूपेंद्र जायसवाल ने कहा कि वार्डन द्वारा छात्राओं के साथ जिस कदर व्यवहार किया गया है वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। विभाग तत्काल वार्डन को बर्खास्त करे। मौके पर-समाज सेवी शिवनाथ रजक,भाजपा उपाध्यक्ष जितेश यादव,पंचायत समिति सदस्य सलैया संगीता देवी,महेंद्र भगत,रॉकी कुमार समेत काफी संख्या में कर्मी व ग्रामीण मौजूद थे।
बीमार छत्राओं के नाम
कक्षा 7- सबिता कुमारी, उषा कुमारी, नेहा कुमारी, संगीता कुमारी,
कक्षा 6- टिंकी कुमारी, अनिता कुमारी, प्रीति कुमारी, मनीता कुमारी, सुमंती कुमारी