मुंबई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के काम को आम जनता पर पहुंचाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने दुनिया भर में भारत की छवि को बढ़ाया है। मोदी सरकार ने बुनियादी ढांचे को गति देने के साथ-साथ आम आदमी के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं।

जेपी नड्डा गुरुवार को पुणे में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के काम की वजह से भारत ब्रिटेन को पछाड़ दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। इसलिए भारत को लेकर दुनिया का नजरिया बदला है। मोदी सरकार द्वारा कोरोना संकट को अवसर में बदलने से भारत की जीडीपी दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाली हो गई है। संकट में फंसे नेपाल, श्रीलंका जैसे कई देशों की मदद कर भारत ने नई पहचान बनाई है। कांग्रेस काल में सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़कों जैसी संचार सुविधाओं के निर्माण की घोर उपेक्षा की गई। मोदी सरकार द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में चार लेन की सड़कों का जाल बिछाकर देश की सुरक्षा को मजबूत किया गया है। पूरे देश में एक्सप्रेसवे, फोर लेन सड़कों और हाईवे का काम तेजी से चल रहा है। पिछले 8 सालों में एयरपोर्ट्स की संख्या भी बढ़ी है।

जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा सिर्फ सत्ता की राजनीति करने वाली पार्टी नहीं है। कोरोना काल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा भाव से करोड़ों लोगों की मदद की। आम आदमी को बीजेपी कार्यकर्ताओं से काफी उम्मीदें हैं। इन अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को जनता से संवाद करते हुए सेवा भावना का विकास करना चाहिए। कार्यसमिति की बैठक में संगठनात्मक मामलों पर राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने मार्गदर्शन किया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, तरुण चुघ, राष्ट्रीय सचिव विजया रहाटकर, सुनील देवधर, वन मंत्री सुधीर मुनगंटीवार, चिकित्सा शिक्षा मंत्री गिरीश महाजन आदि उपस्थित रहे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version