देवघर। राज्य में भ्रष्टाचार में लिप्त बिचौलियों की भूमिका निभाने वाले और अधिकारियों को जेल जाना चाहिए। ऐसे नेता और बिचौलियों को भी जेल भेज देना चाहिए। यह बातें शुक्रवार को चित्तोलोढ़िया में भाजपा के जिला कार्यालय भवन का भूमि पूजन व शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कही।

उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार की वजह से विकास नहीं हो रहा है। तब तक भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लगेगा, तब तक विकास की बात बेमानी है। झारखंड की खनिज संपदा को केवल लूटने का काम किया जा रहा है। साथ ही कहा कि राज्य में हेमंत सोरेन निकाय चुनाव भाजपा के डर की वजह से नहीं कराना चाहती है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हेमंत जानते है कि अगर निकाय चुनाव हुआ तो भाजपा के कार्यकर्ता विजयी होंगे। चुनाव नहीं कराने से राज्य को 14वें वित्त आयोग से मिले वाला पैसा भी नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के नहीं होने से जनता के माध्यम से होने वाले विकास का काम भी रुक गया है। साथ ही कहा कि कर्नाटक में एक बार फिर से कमल खिलेगा। प्रदेश के लोगों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर आस्था व राज्य में विकास को और बढ़ाने की चाहत है।

पार्टी कार्यालय के शिलान्यास पर उन्होंने कहा कि शिव व शक्ति के स्थल पर पार्टी का भव्य व आधुनिक सुविधा से युक्त कार्यालय का शुभारंभ होना सुखद बात है। कार्यालय से पार्टी के काम विस्तार के साथ-साथ जन समस्या के समाधान की पहल होगी। प्रदेश महामंत्री (संगठन) कर्मवीर सिंह ने कहा कि यह कार्यालय का निर्माण ना केवल राजनीति, बल्कि धार्मिक कारणों का ध्यान में रखकर कराया जा रहा है। पूरे देश से कार्यकर्ता यहां आते है। उनके लिए रुकने की व्यवस्था होगी। साथ ही कहा कि संगठन में ट्रिपल की विशेष महत्व है।

शिलान्यास स्थल पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष सहित प्रदेश महामंत्री (संगठन) का आदिवासी नृत्य से पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। भूमि पूजन स्थानीय विधायक नारायण दास ने किया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version