-जदयू के दो दिवसीय संसद में भाजपा को उखाड़ फेंकने की भरी गई हुंकार
-2024 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में दिखेगी विपक्षी एकता: उमेश कुशवाहा

पटना। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद ललन सिंह ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार भारत के महान संविधान को बदलना चाहती है और देश में मोदी संविधान लागू करना चाहती है। सभी सरकारी संस्थाओं पर आज भाजपा-आरएसएस का दबदबा है। देश की एक भी संस्था आज निष्पक्ष नहीं है। भाजपा द्वारा लोकतंत्र को पूरी तरह से ध्वस्त करने की साजिश रची जा रही है।

वह शनिवार को जदयू के प्रदेश कार्यालय में राज्यभर से आये विधानसभा प्रभारी, जिलाध्यक्षों एवं प्रदेश प्रवक्ताओं को संबोधित कर रहे थे। लोकसभा चुनाव की रणनीति एवं पार्टी को धरातल पर मजबूती प्रदान करने के विषय में व्यापक समीक्षा और चर्चा को लेकर कर्पूरी सभागार में आयोजित जदयू के दो दिवसीय संसद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अलोकतांत्रिक तरीके से दिल्ली की चुनी हुई सरकार को उप-राज्यपाल के माध्यम से शासन व्यवस्था को नियंत्रित करना चाहती है। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के विरोध में असंवैधानिक अध्यादेश लाकर भाजपा ने यह दर्शा दिया कि उसका संविधान पर से भरोसा उठ चुका है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विधानसभा प्रभारियों एवं प्रमंडल प्रभारियों को कहा कि आप पंचायत स्तर पर पार्टी के संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए नियमित बैठक करते रहें। जमीनी स्तर पर भाजपा को जदयू के सिपाही मुहतोड़ जवाब दें। इसके लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने की आवश्यकता है।

प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि आज हमारे देश की हालात चिंताजनक बनी हुई है और इस नाजुक दौड़ में जदयू कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद निर्णायक होने वाली है। हिटलर की मानसिकता से प्रेरित होकर भाजपा लगातार बाबा साहेब के महान संविधान पर हमले कर रही है। भाजपा द्वारा उनके अपने राजनीतिक हितों को साधने के उद्देश्य से लोकतंत्र पर कुठाराघात किया जा रहा है।

उन्होंने कहा वर्ष 2024 में भाजपा मुक्त भारत बनाने के लिए हम सभी को अपने अपने हिस्से की भूमिका निभानी होगी। अपने क्षेत्र में जाकर केंद्र सरकार के काली करतूतों का पर्दाफाश करें और उनके कारनामों को जनता के बीच प्रचारित करें। विधानसभा प्रभारीगण पार्टी के काफी अनुभवी नेता हैं और आपके अनुभव एवं दूरदर्शी सोच के बदौलत पंचायत व बूथ स्तर पर पार्टी को सशक्त बनाने में बल मिलेगी। आप पंचायतों में जाकर अपने देखरेख में पंचायत कमेटी का गठन एवं नियमित बैठक को सुनिश्चित करें।

अन्य वक्ताओं ने पार्टी के लक्ष्य, संगठन के प्राथमिक इकाईयों के दायित्व साथ ही प्रमंडल कार्यक्रम प्रभारी, विधानसभा प्रभारी, जिलाध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष के साथ-साथ विभिन्न प्रकोष्ठों के दायित्व व कर्तव्यों एवं इसके अतिरिक्त पार्टी के आगामी कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version