अयोध्या। भव्य मंदिर निर्माण कार्य को देखने के लिए लगातार श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। श्रीराम जन्मभूमि दर्शन करने वाले मार्ग जन्मभूमि पथ पर सुग्रीव किला के पास अस्थाई यात्री सुविधा केंद्र श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के द्वारा खोल दिया गया है। यहां 300 यात्रियों के सामानों को रखने के लिए नि:शुल्क लॉकर काउंटर, शौचालय और विश्राम स्थल की सुविधा मिलने लगी है।
ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा ने बताया कि राम जन्मभूमि परिसर में यात्रियों की सुविधा के लिए एक फैसिलिटी सेंटर बनाया जा रहा है। जहां 25 हजार यात्री एक साथ अपने सामानों को सुरक्षित रख सकेंगे, लेकिन इसके पहले अयोध्या में बढ़ते श्रद्धालुओं की संख्या को लेकर ट्रस्ट ने जन्मभूमि पथ मार्ग पर अस्थाई यात्री सुविधा केंद्र तैयार किया है।