जामताड़ा। बीजेपी महिला मोर्चा ने संताल में चार दिवसीय दौरा किया और जनसंपर्क अभियान चलाया। कहा, सीता सोरेन हमारी नेता हैं। बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह, सुचित्रा सिंह, प्रभारी बबीता झा चार दिवसीय संताल परगना दौरा पर धोबना पंचायत पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने दर्जनों गांवों में दुमका लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी सीता सोरेन के पक्ष में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान कडबिंधा, दामोडीह, अमड़ापहाड़ी, जोरडीहा, झांझर, जगतपुर, लखनपुर, रामगढ़, भातुडिया बी, बौडिया गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश की बागडोर मजबूत हाथों में सौंपने के लिए अपना एक-एक मत बीजेपी को दें। उन्होंने कहा कि दुमका लोकसभा के मजबूत नेतृत्व के लिए हम लोगों ने रावण के चंगुल से सीता को मुक्त करा कर बीजेपी में लाया है।

क्या कहा बबीता झा ने
बबीता झा ने कहा कि दुमका के सर्वांगीण विकास के लिए फिर से एक बार नरेंंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है। कहा कि आज चीन और पाकिस्तान को भारत की तरफ देखने के लिए भी सोचना पड़ रहा है। नक्सलियों का सफाया हो रहा है। देश में कांग्रेस ने 50 वर्षो तक शासन किया ,मगर जब अलग झारखंड की बात आयी, तो झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं ने सौदेबाजी की। अलग झारखंड आंदोलन को कांग्रेस के हाथों बेच दिया। बीजेपी की अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने अलग झारखंड निर्माण करने का काम किया। एक मात्र भारतीय जनता पार्टी ही गरीबों का दुख दर्द समझती है। बीजेपी के शासन काल में झारखंड में सड़क, पुल पुलिया, अस्पताल, स्कूल, उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त में गैस चूल्हा, प्रधानमंत्री आवास, किसानों को किसान समृध्दि योजना से लेकर तमाम विकास के काम हुए।

जेएमएम पर लगाये ये आरोप
कहा, पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जेल में बंद हैं। ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम के करीबी के यहां से नोटों का पहाड़ मिल रहा है। झारखंड के आधा दर्जन बड़े पदाधिकारी भ्रष्टाचार के आरोप में जेल की हवा खा रहे हैं। इन भ्रष्टाचारियों से कभी भी झारखंड का भला नहीं हो सकता है। कांग्रेस ने पिछले 50 साल से आम जनता का शोषण ही किया है। आम जनता की भलाई के बारे में कभी भी नहीं सोचा। बीजेपी की सरकार जब से आयी है, तब से जनहित में ही काम कर रही है।

 

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version