तानाशाही ताकतों को उखाड़ फेंके : मंत्री मिथिलेश
चिनियां के आइटीआइ मैदान में इंडिया गठबंधन की चुनावी जनसभा आयोजित
चिनिया(गढ़वा)। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने कहा कि भाजपा की बात और भाजपा की चाल कदम-कदम पर बदलते रहती है। झूठे सपने दिखलाकर भाजपा सत्ता में बने रहना चाहती है। उपस्थित जनसमूह से अपील करते हुए श्रीमती सोरेन ने कहा कि सभी लोग वोट की चोट कर भाजपा की चाल को ठीक कर दें। आगामी 13 मई को पलामू लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी ममता भुईयां को लालटेन छाप पर वोट देकर पलामू की आवाज को बुलंद करें। श्रीमती सोरेन शनिवार को जिले के चिनियां प्रखंड के चिरका स्थित आइटीआइ के मैदान में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित कर रही थी।

श्रीमती सोरेन ने कहा कि लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिए इंडिया गठबंधन को जीतायें। यदि लोकतंत्र नहीं बचेगा तो हम सभी का सारा अधिकार लूट जायेगा। उन्हांने कहा कि दिशोम गुरू शिबु सोरेन ने जिन उद्देश्यों के साथ झारखंड राज्य को अलग कराया था, उनके सपनों को पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पूरा कर रहे थे। उन्होंने केंद्र से अपने राज्य का बकाया पैसा एक लाख 36 हजार करोड़ मांगा तो केंद्र सरकार को तकलीफ हो गयी। उस पैसे से पूरे झारखंड का, राज्य की एक-एक जनता का विकास होता। हेमंत सोरेन द्वारा किये जा रहे बेहतर कार्यां से घबराकर उन्हें जेल में बंद कर दिया। श्रीमती सोरेन ने कहा कि झारखंड गरीब नहीं है। यहां धरती के नीचे अथाह खजाना भरा हुआ है। झारखंड के इसी खान पर केंद्र की गिद्ध नजर लगी हुई है। केंद्र सरकार झारखंड को लूटने के लिए हर हथकंडा अपना रही है। उन्होंने कहा भाजपा के लोग अपने काम करेंगे नहीं और दूसरे के कामों का श्रेय लेने की होड़ मचाये रखते हैं। श्रीमती सोरेन की कहा कि अभी वक्त है सभी लोग एकजुट होकर केंद्र सरकार को सबक सिखायें।

तानाशाही ताकतों को उखाड़ फेंके : मिथिलेश कुमार ठाकुर
गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने उपस्थित जनसमूह से आह्वान करते हुए कहा कि अब वक्त आ गया है कि तानाशाही ताकतों को उखाड़ फेंके। लोकतंत्र एवं संविधान का अपमान करने वालों को सबक सिखायें। यह लड़ाई झारखंड की आन, बान और शान की लड़ाई है। राज्य की स्मिता बचाने के लिए इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी ममता भुइयां को वोट देकर दिल्ली पहुंचायें। उन्होंने कहा कि कल्पना सोरेन घर परिवार को संभालने वाली महिला थी। केंद्र सरकार ने झारखंड की आवाज को दबाने के लिए हेमंत सोरेन को जेल भेज दिया, तब ये झारखंड की आवाज बनकर राज्य की स्मिता बचाने के लिए सामने आयीं। तीन महीने से भी कम समय में केंद्र सरकार की अन्याय के खिलाफ पूरे देश में छा गयी। पलामू की बेटी ममता भुइयां को आशीर्वाद देकर अपने हक, अधिकार की आवाज को बुलंद करें। मौके पर प्रत्याशी ममता भुइयां, डॉ यासिन अंसारी, जेपी मिंज, शंभु राम, राजकिशोर यादव, सत्यनारायण यादव, राजद प्रदेश उपाध्यक्ष फरीद खान, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओबेदुल्लाह हक अंसारी, झामुमो जिलाध्यक्ष तनवीर आलम, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष छोटू सिंह खरवार, दीपमाला आदि ने विचार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष नितेश सिंह ने किया। मौके पर मुख्य रूप से झामुमो जिला सचिव मनोज ठाकुर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रेखा चौबे सहित गठबंधन के कई नेता उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version