धनबाद। धनबाद सिविल कोर्ट अब पूरी तरह से वातानुकूलित और आधुनिक सुविधाओं से लैस हो गया है। धनबाद के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राम शर्मा ने शनिवार को इस संबंध में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में धनबाद से ही यहाँ के अधिवक्ता झारखंड उच्च न्यायालय में अपने मुकदमे में बहस कर सकेंगे और केस भी फाइल कर सकेंगे। इसको लेकर व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि खूंटी, रामगढ़ के बाद धनबाद में भी सोलर पैनल के जरिए पूरे कोर्ट की विद्युत आपूर्ति की जा रही है। वहीं ऊर्जा मंत्रालय के द्वारा 500 केवीए का नया ट्रांसफार्मर भी लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि दिव्यांगों, वरिष्ठ नागरिकों, वरिष्ठ वादकारियों और अधिवक्ताओं को कोर्ट रूम तक जाने के लिए व्हीलचेयर और अधिवक्ता, वादकारियों के लिए लिफ्ट की व्यवस्था अलग से की जा रही है, ताकि किसी को न्यायिक प्रक्रिया में भाग लेने में किसी भी तरह की कोई परेशानी न हो। वादकारियों, पोक्सो एक्ट के गवाहों के बैठने के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। पूरे परिसर में दिव्यांगो के लिए नए शौचालय का निर्माण कराया गया है। साथ ही शीतल पेयजल की भी व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर सिविल कोर्ट में प्रवेश के लिए एक मुख्य गेट को ही खोला गया है। जहां पुलिस बल के जवान आधुनिक उपकरणों के।साथ लैस रहते हैं, जहाँ सम्यक जांच के बाद ही किसी को अंदर जाने की इजाजत मिलती है।