रांची। भारतीय जनतंत्र मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष और रांची लोकसभा सीट से प्रत्याशी धर्मेंद्र तिवारी ने रविवार को जनसंपर्क अभियान किया। कहा कि अगर जनता उन्हें चुनती है, तो एचइसी के स्वर्णिम दिन लाने की दिशा में केंद्र पर दबाव बनायेंगे और एचइसी का खोया गौरव वापस दिलायेंगे।
श्री तिवारी ने कहा कि उनके एजेंडे में एचइसी का कायाकल्प तो है ही। लघु और कुटीर उद्योगों की स्थिति सुधारना भी प्राथमिकता में है। रांची को इंडस्ट्रियल टाउनशिप के रूप में विकसित करने का आइडिया उनके पास है। छोटे-छोटे जितने भी उद्योग हैं, उन्हें प्रोत्साहित करने की योजना भी है।
साथ ही एचइसी कर्मचारियों का जो वेतन बकाया है, उसे भी दिलवाने की कोशिश की जायेगी। आइटीआइ ग्रेड पास करके जो लड़के 15-20 हजार की नौकरी के लिए झारखंड छोड़ कर चले जाते हैं, उनको झारखंड में रोकना भी मकसद है। ऐसे नौजवानों को सरकारी स्कीम का फायदा दिला कर झारखंड में ही काम करने, व्यवसाय करने आदि के बारे में प्रोत्साहित किया जायेगा।