रांची। दुमका से भाजपा कैंडिडेट सीता सोरेन ने पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी और अपनी देवरानी कल्पना सोरेन पर बेहद संगीन आरोप लगाए हैं। गुरुवार को दुमका में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि कल्पना के इशारे पर उनकी बेटियों जयश्री और राजश्री पर जामताड़ा के एक गांव में हमला किया गया। जामताड़ा के नाला विधानसभा क्षेत्र के तेज जोरिया गांव के पास उनकी दोनों बेटी चुनाव प्रचार के लिए गईं थीं। वहां स्थानीय विधायक सह विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो के बेटे और कुछ झामुमो के कार्यकर्ता ईंट-पत्थर के साथ खड़े थे। उनकी मंशा राजश्री और जयश्री पर हमला करने की थी, पर ऐन मौके पर खतरा भांप कर वह दोनों वहां से निकल गयीं। सीता के मुताबिक, यह सब कुछ कल्पना सोरेन के इशारे पर किया गया। अब वह वह जामताड़ा में एफआईआर करेंगी।
जयश्री ने भी कल्पना को लिया निशाने पर
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीता संग जयश्री सोरेन ने भी कहा कि बुधवार को वे और उसकी बहन राजश्री सोरेन जामताड़ा जिले के नाला विधानसभा क्षेत्र के तेज जोरिया गांव चुनाव प्रचार में गई थीं। उनका रूट पहले से तय था। इसी दौरान अपनी गाड़ी से ही उन्होंने देखा कि विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो के पुत्र अपने कुछ झामुमो कार्यकतार्ओं के साथ ईंट-पत्थर लेकर हमले की मंशा से खड़े हैं। ऐसे में माहौल ठीक नहीं होने के अंदेशे पर वे दोनों वहां से निकल गयीं।
जयश्री और सीता सोरेन दोनों ने कहा कि इस हमले के पीछे कल्पना सोरेन की साजिश है। जयश्री सोरेन ने कहा कि चाची कल्पना सोरेन उन पर हमला करवाना चाहती थीं। उन्हें यह पता होना चाहिए कि वे दुर्गा सोरेन की बेटी हैं। शिबू सोरेन की पोती हैं जिन्होंने इस राज्य को अलग करने में अपना खून पसीना बहाया है। जयश्री के मुताबिक, वे लोग मुझे चुनाव प्रचार से रोकना चाहते हैं पर वे डरने वाली नहीं हैं।
उनका मुकाबला किया जाएगा।
सीता सोरेन ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के लोग उनके इलेक्शन कैंपेनिंग से घबरा गए हैं। वे हिंसा का सहारा लेना चाहते हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा के लोगों के द्वारा उनकी बेटियों पर हमले का प्रयास किया गया। वे चुप नहीं रहने वाली। लोगों को चिन्हित कर एफआईआर करवाया जाएगा। साथ ही साथ उन्होंने जामताड़ा के एसपी से सुरक्षा की मांग की।
महागठबंधन के नेता करप्ट
सीता सोरेन ने कहा कि इस सरकार के मंत्री आलमगीर आलम को ईडी ने जेल भेजा। अब मनीष रंजन को तलब किया है। इससे साफ पता चलता है कि वर्तमान झारखंड सरकार में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। जिस तरह से ईडी की कार्रवाई में परतदार परत खुलती जा रही है, उसे यह लगता है कि आने वाले विधानसभा चुनाव तक महागठबंधन के कई नेता जेल में होंगे।