रांची। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि संविधान खतरे में नहीं है। घमंडिया गठबंधन और भ्रष्टाचारी खतरे में हैं। भ्रष्टाचार करने वाले किसी को बख्शा नहीं जाएगा। भ्रष्टाचार करेंगे तो सलाखों के पीछे ही रहेंगे। साथ ही कहा कि आने वाले दिनों में भारत विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था होगी। इसमें झारखंड की भी भूमिका होगी।

गौरव भाटिया ने रविवार को हरमू रोड स्थित मीडिया सेंटर में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि चार चरण के चुनाव संपन्न हो चुके हैं। इस चुनाव में एनडीए और भाजपा पिछले 10 वर्ष के विकास कार्य की रिपोर्ट कार्ड के आधार पर जनता से पुनः आशीर्वाद मांग रहे हैं। जनता ने मन बना लिया है कि इस चुनाव में भाजपा 370 से अधिक सीटें जीतेगी। एनडीए 400 पार होगा। भ्रष्टाचारियों पर प्रधानमंत्री मोदी की ईमानदारी भारी पड़ रही है।

झारखंड में भ्रष्टाचारियों की तिकड़ी जनता को लूट रही
गौरव ने कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार्यों की तिकड़ी है। कांग्रेस, झामुमो और राजद एक साथ हैं। भ्रष्टाचारियों की तिकड़ी क्राइम मास्टर गोगो है। ये जनता को देने नहीं लेने आए हैं। बिना जनता से लिए नहीं जाएंगे। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांग्रेस से सबक लिया। यही कारण है कि 10 समन देने के बाद भी ईडी के पास नहीं गए। उन्होंने कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार चरम पर है। घुसपैठियों पर लगाम नहीं है। विधि व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। राज्य सरकार ने जनजातीय समाज के लोगों की जमीन ली। इसका आवंटन जनजातीय युवाओं को करना चाहिए, ताकि वे उद्योग लगाए और आगे बढ़े।

गौरव ने कहा कि पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के मामले में रत्तीभर भी शर्म कांग्रेस की नहीं बची। राहुल गांधी ने इस पर एक शब्द नहीं कहा। इस्तीफा नहीं मांगा। पूरे विश्व में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचारी परिवार लालू, सोरेन और गांधी है। लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है। लोकतंत्र को इनसे खतरा है। आलमगीर आलम के पीए के नौकर के घर से नोटों का पहाड़ मिलता है। इस पर कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा, मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन कुछ नहीं बोलते। इनका एकमात्र मकसद है परिवार का भला करो, परिवार को आगे बढ़ाओ। जनता से मतलब नहीं है।

झारखंड में सभी 14 सीटों पर एनडीए की होगी जीत
गौरव ने कहा कि आलमगीर आलम और हेमंत सोरेन जल्द जेल से बाहर नहीं निकाल पाएंगे। उनसे जनता का एक-एक पैसा वसूला जाएगा। इस चुनाव में भ्रष्टाचार बहुत बड़ा मुद्दा है। अरविंद केजरीवाल को नियमित नहीं, अंतरिम जमानत मिली है। पिछले 10 साल में प्रधानमंत्री मोदी के ऊपर एक उंगली में नहीं उठी। कोई दाग तक नहीं लगा। झारखंड की सभी 14 सीट पर एनडीए के प्रत्याशी विजयी होंगे। इस बार बीजेपी और एनडीए को देशभर में 400 से अधिक सीटें मिलेगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version