रांची। रांची लोकसभा की कांग्रेस प्रत्याशी यशस्विनी सहाय ने शुक्रवार को सोनाहातू, इचागढ़, चांडिल और कुकरू प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर समर्थन मांगा। यशस्विनी सहाय ने कहा कि हर साल 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने के वादे के साथ मोदी सरकार सत्ता में आयी थी। सत्ता में आने के बाद रोजगार देना तो दूर, करोड़ों युवाओं को मोदी सरकार ने बेरोजगार बना दिया। इससे देश के युवा परेशान हैं, लेकिन अब युवाओं को चिंता करने की जरूरत नहीं, क्योंकि इंडी गठबंधन की सरकार के सत्ता में आते ही 30 लाख खाली पड़े पदों पर युवाओं की बहाली होगी। कांग्रेस की सरकार युवाओं के लिए 5000 करोड़ रुपये का नया स्टार्टअप फंड बनायेगी। इसके साथ ही हर शिक्षित युवाओं को एक लाख की अप्रेंटिसशिप का अधिकार दिया जायेगा। यशस्विनी सहाय ने कहा कि कांग्रेस ने न्याय पत्र के माध्यम से युवाओं, महिलाओं, किसानों के साथ समाज की सभी वर्गों के उत्थान और विकास की योजनाएं बनायी है। इसका लाभ देश के आम लोगों को मिलेगा और उनके जीवन स्तर में सुधार होगा।
मोदी सरकार से जनता ऊब चुकी है: सुबोधकांत
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि देश की जनता जुमलोवाली मोदी सरकार से ऊब चुकी है। चुनाव से पूर्व किए गए सभी घोषणाओं को भाजपा के लोग जुमला कहते हैं। इस चुनाव में भी वह झूठी घोषणाएं करेंगे। इसे चुनाव के बाद जुमला करार देंगे, ऐसे में लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से अपील किया कि कांग्रेस मे वोट देकर यशस्विनी सहाय को भारी मतों से विजयी बनायें और राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करें।