पूर्वी सिंहभूम: कदमा थाना क्षेत्र में बुधवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। झपटमारी के दौरान महिला सड़क पर गिर गईं, जिससे उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, कदमा निवासी संतोना जेना, जो सरायकेला उपायुक्त कार्यालय में कार्यरत हैं, अपनी बेटी के साथ भाटिया बस्ती स्थित घर जा रही थीं। इसी दौरान रेसिंग बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। दोनों ने पहचान छिपाने के लिए आकर्षक और महंगे हेलमेट पहन रखे थे। बाइक के पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर संतोना जेना के गले से करीब 16 ग्राम वजन की सोने की चेन छीन ली।

वारदात के दौरान बदमाश के हाथ में पहना कड़ा संतोना जेना की बेटी से टकरा गया, जिससे उनकी दोपहिया का संतुलन बिगड़ गया और मां-बेटी सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे में संतोना जेना गंभीर रूप से घायल हो गईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों बदमाश तेज रफ्तार से फरार हो चुके थे।

पीड़िता ने बताया कि भागते समय बाइक के पीछे बैठा युवक बार-बार पीछे मुड़कर देख रहा था। उसने नारंगी रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी, जो उसकी पहचान में अहम सुराग साबित हो सकती है।

घटना में घायल संतोना जेना को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि, कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव ने मामले पर फिलहाल कोई आधिकारिक टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि इस संबंध में वरीय अधिकारी ही जानकारी देंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version