– जामताड़ा में चुनावी सभा को किया संबोधित
आजाद सिपाही संवाददाता
जामताड़ा। जामताड़ा के वेना मैदान में बुधवार को आयोजित इंडिया गठबंधन की सभा में पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस बार दिल्ली में इंडिया गठबंधन की सरकार बनना तय हो गयी है। जिस तरह आपलोगों के प्रिय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बीजेपी वालों ने षड्यंत्र के तहत जेल भेज दिया है। उसी तरह जनता भी इस बार इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर बीजेपी को खत्म कर देगी। कल्पना ने कहा जब शिबू सोरेन ने सर नहीं झुकाया तो हेमंत सोरेन कैसे सर झुका देगा। हेमंत सोरेन के साथ पूरे झारखंड की आवाम है। साढ़े तीन करोड़ जनता उनके साथ है।

संताल ताबूत में आखिरी कील ठोकेगा:
कल्पना ने कहा कि हमारे झारखंड में तीन चरण का चुनाव हो गया है। चुनाव का परिणाम साफ हो गया है जनता ने इस बार इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी को अपना मत दिया है। यह आखिरी चुनाव जो संथाल परगना में हो रहा है। यह ताबूत में आखिरी कील ठोकने का काम हो रहा है और इंडिया गठबंधन के तीनों के तीनों प्रत्याशी दुमका, राजमहल, गोड्डा में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी को भारी मतों से विजय बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये भारत की खूबसूरती है यहां अनेकता में एकता दिखती है, जब अंग्रेजों के समय में बाबा तिलका मांझी तीर तब उठाया था जब हिंदुस्तान में किसी ने आजादी का सपना देखा भी नहीं था। इसलिए हेमंत है तो झारखंड मुक्ति मोर्चा कभी झुकेगा नहीं

भाजपा को जनता सिखाएगी सबक:
वहीं, गोड्डा में रैली को संबोधित करते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंडियों से चिढ़ने वाली, 1932 खतियान का विरोध करनेवाली और पिछड़ों को 27 प्रतिशत आरक्षण की विरोधी भाजपा को जनता चुनाव में सबक सिखायेगी। इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को जनता अपना आशीर्वाद दे रही है। यह लोकसभा चुनाव जनता लड़ रही है। गोड्डा की जनता ने ठाना है कि कांग्रेस से गठबंधन के प्रत्याशी प्रदीप यादव को भारी बहुमत से विजयी बनाना है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version